Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले में जल्द ही एक मॉडल सोलर विलेज (Jamshedpur Model Solar Village) घोषित किया जाएगा, जिसे एक करोड़ रुपये का बड़ा इनाम मिलेगा। इसके लिए जिले के सात प्रखंडों के 10 चयनित गांवों के बीच सोलर ऊर्जा अपनाने की प्रतियोगिता कराई जाएगी। जो गांव सौर ऊर्जा के अधिकतम उपयोग में सबसे बेहतर प्रदर्शन करेगा, वही मॉडल सोलर विलेज (Jamshedpur Model Solar Village) बनेगा।
बुधवार को जमशेदपुर स्थित डीसी कार्यालय सभागार में पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने की। इस दौरान चयनित गांवों में सौर ऊर्जा आधारित योजनाओं की वर्तमान स्थिति और आगे की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा हुई।
बीडीओ ने बताया कि गांवों में पीएम कुसुम योजना सहित अन्य सोलर योजनाओं पर काम चल रहा है और किन क्षेत्रों में सौर ऊर्जा से ज्यादा लोगों को लाभ पहुंचाया जा सकता है। मॉडल सोलर विलेज के लिए इस वर्ष दिसंबर से अगले वर्ष मई तक छह महीने का चैलेंज पीरियड तय किया गया है। इस अवधि में गांवों में सोलर योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार होगा।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में केबुल कंपनी विवाद तेज, मजदूरों ने NCLT कोलकाता फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट व NCLT दिल्ली में अपील का लिया फैसला+VDO
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि चयनित गांवों में ग्राम सभा आयोजित कर ग्रामीणों को पात्रता, सब्सिडी और आवेदन प्रक्रिया की पूरी जानकारी दी जाए। सरकारी भवनों पर सोलर पैनल, सोलर सिंचाई, स्ट्रीट लाइट और हाई मास्ट लाइट जैसी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करने पर भी जोर दिया गया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ प्रतिस्पर्धा के जरिए ‘ग्रीन विलेज, क्लीन विलेज’ का लक्ष्य हासिल किया जाए।




