Home > Jamshedpur > मानगो मेयर चुनाव से पहले सियासी जंग तेज: कचरा, सड़क और पानी पर बन्ना-सरयू भिड़े

मानगो मेयर चुनाव से पहले सियासी जंग तेज: कचरा, सड़क और पानी पर बन्ना-सरयू भिड़े

Jamshedpur (Jharkhand) : नगर निकाय चुनाव की आहट के साथ ही मानगो की राजनीति एक बार फिर गरमा गई है। मेयर पद को लेकर दो पुराने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी -जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय और पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता खुलकर (Banna Saryu Conflict) आमने-सामने आ गए हैं। शहर की गंदगी, ओल्ड पुरुलिया रोड की जर्जर हालत और पेयजल संकट जैसे मुद्दों पर दोनों नेताओं के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है। बयानबाजी में भाषा की मर्यादा भी टूटती नजर आ रही है। अब एक दूसरे के चरित्र पर भी हमला (Banna Saryu Conflict) किया जा रहा है।

बन्ना गुप्ता जहां मौजूदा समस्याओं के लिए विधायक सरयू राय को जिम्मेदार ठहरा रहे हैं, वहीं सरयू राय का कहना है कि अधिकांश योजनाएं पिछली सरकार की देन हैं और उन्हीं के कार्यकाल की नाकामियां आज सामने आ रही हैं।

ओल्ड पुरुलिया रोड बना विवाद का केंद्र

ताजा विवाद ओल्ड पुरुलिया रोड की बदहाल स्थिति को लेकर शुरू हुआ। बन्ना गुप्ता ने दावा किया कि उनके कार्यकाल में ओल्ड और न्यू पुरुलिया रोड का निर्माण व मरम्मत कराया गया था, जबकि अब सड़क की दुर्दशा के लिए वर्तमान विधायक जिम्मेदार हैं।

इस पर सरयू राय ने पलटवार करते हुए कहा कि सड़क मरम्मत की फाइल पथ निर्माण विभाग के पास रांची में लंबित है और स्वीकृति मिलते ही काम शुरू करा दिया जाएगा।

मेयर चुनाव पर व्यक्तिगत बयानबाजी

मेयर चुनाव को लेकर भी राजनीतिक बयान तेज हो गए हैं। सरयू राय ने बन्ना गुप्ता पर ‘मेयर पति’ बनने की इच्छा का आरोप लगाया। इसके जवाब में बन्ना गुप्ता ने कहा कि उनकी पत्नी सुधा गुप्ता चुनाव लड़ेंगी तो यह उनका संवैधानिक अधिकार है और इसमें कोई गलत बात नहीं।

दोनों नेताओं के बीच यह बहस अब राजनीतिक से ज्यादा व्यक्तिगत रंग लेती दिख रही है।

मानगो की गंदगी पर सियासी घमासान

मानगो में बढ़ती गंदगी और कचरा निस्तारण का मुद्दा भी चुनावी हथियार बन गया है। बन्ना गुप्ता ने आरोप लगाया कि सोनारी में कचरा डंपिंग बंद कराकर टाटा स्टील को फायदा पहुंचाया गया, जिससे मानगो में कचरे का संकट गहरा गया।

सरयू राय ने जवाब दिया कि कचरा डंपिंग पर रोक नेशनल ग्रीन ट्रिब्यूनल के आदेश के बाद लगी थी, जब वहां कचरे का पहाड़ और आग लगने की घटनाएं सामने आई थीं। उन्होंने कहा कि उस समय बन्ना गुप्ता खुद सरकार में मंत्री थे, इसलिए वे जिम्मेदारी से बच नहीं सकते।

बीजेपी लड़ेगी मेयर चुनाव, जदयू की उम्मीदें धरी

राजनीतिक समीकरणों में भी बड़ा बदलाव दिखा है। मानगो मेयर सीट पर इस बार बीजेपी चुनाव लड़ेगी। सरयू राय चाहते थे कि जदयू मैदान में उतरे, लेकिन पार्टी नेतृत्व ने यह प्रस्ताव नहीं माना। अब बीजेपी नेता नीरज सिंह की पत्नी एनडीए उम्मीदवार होंगी।

इस फैसले से जदयू नेता और विधायक प्रतिनिधि पप्पू सिंह की उम्मीदों को झटका लगा है, जो लंबे समय से खुद को संभावित उम्मीदवार मान रहे थे।

इसे भी पढ़ें – बर्मामाइन्स ट्यूब गेट बाजार हटाने की कोशिश के खिलाफ फूटा आक्रोश, दुकानदारों ने किया शांतिपूर्ण आंदोलन+VDO

चुनाव तक जारी रहेगी बयानबाजी

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि मानगो नगर निगम चुनाव तक दोनों नेताओं के बीच यह जुबानी जंग जारी रहेगी और स्थानीय मुद्दे ही चुनाव का मुख्य एजेंडा बनेंगे।

You may also like
यमन ने रणनीतिक लाल सागर बंदरगाह मोखा पर किया कब्जा, बाब अल-मंदब की ओर बढ़ी सेना
एटीएम से मिनटों में मिलेगा रुपे कार्ड, यूपीआई से ले सकेंगे क्रेडिट
Jamshedpur News: कदमा का 50 बेड वाला धनवंतरी आयुष अस्पताल जल्द होगा शुरू, DC ने दिए आदेश
Jamshedpur Police: ‘जोहार पुलिस’ चैटबॉट शुरू, WhatsApp पर घर बैठे मिलेंगी कई सेवाएं+VDO

Leave a Reply