Jamshedpur : कोवाली थाना क्षेत्र में चार माह के मासूम बच्चे के अपहरण का सनसनीखेज (Jamshedpur Crime ) मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस की त्वरित और सटीक कार्रवाई से महज 14 घंटे के भीतर अपहृत बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस ने बच्चे को उसकी मां को सौंप दिया है, जबकि अपहरण में शामिल एक महिला को गिरफ्तार (Jamshedpur Crime)कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
यह घटना पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना अंतर्गत ढेगाम हाट बाजार की है। जानकारी के अनुसार रंगामटिया गांव की रहने वाली प्रतिमा सरदार रविवार को अपने तीन छोटे बच्चों के साथ हाट में मुर्गी बेचने आई थीं। बाजार में भारी भीड़ होने के कारण उन्होंने अपने चार माह के बेटे इंद्रदेव सरदार को कुछ देर के लिए अपनी छह वर्षीय बेटी ममता सरदार की गोद में दे दिया। इसी दौरान दोपहर करीब तीन बजे भीड़ का फायदा उठाकर एक अज्ञात महिला मासूम बच्चे को लेकर फरार हो गई।
शाम करीब छह बजे घटना की जानकारी मिलने पर पीड़ित परिवार ने कोवाली थाना में इसकी सूचना दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर मुसाबनी के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने लगातार छापेमारी करते हुए महज 14 घंटे के भीतर अपहृत बच्चे को बरामद कर लिया।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर बना वन्यजीव तस्करी का केंद्र, 77 तोते, मोर पंख व हिरण की सींग के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार+VDO
पुलिस ने बताया कि इस मामले में झुमारानी मंडल नामक महिला को गिरफ्तार किया गया है, जो कोवाली थाना क्षेत्र के भेलाईडीह गांव की रहने वाली है। फिलहाल बच्चे को पूरी तरह सुरक्षित उसकी मां को सौंप दिया गया है। पुलिस को आशंका है कि इस घटना में अन्य लोग भी शामिल हो सकते हैं, जिनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी अभियान जारी है।




