Jamshedpur (Jharkhand) : जिला दण्डाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में सोमवार को समाहरणालय सभागार में डिस्ट्रिक्ट हाईवे टास्क फोर्स (Jamshedpur Road Safety) की बैठक हुई। इसमें राष्ट्रीय राजमार्ग पर अतिक्रमण, अवैध पार्किंग, सड़क सुरक्षा और दुर्घटनाओं के दौरान त्वरित सहायता व्यवस्था की समीक्षा की गई।
उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कार्रवाई और लगाए जा रहे जुर्माने की जानकारी का व्यापक प्रचार-प्रसार करने को कहा, ताकि वाहन चालक हाईवे पर अवैध रूप से पार्किंग करने से (Jamshedpur Road Safety) बचें।
एनएचएआई के प्रतिनिधि ने बताया कि धालभूमगढ़, घाटशिला और कोकपाड़ा क्षेत्र में हाईवे किनारे 71 अतिक्रमित स्थलों को मुक्त कराया जा चुका है। अन्य क्षेत्रों में भी अतिक्रमण चिन्हित किया जा रहा है। उपायुक्त ने पारडीह, डिमना चौक, डांगा और बालिगुमा में भी अतिक्रमण हटाने का अभियान चलाने का निर्देश दिया।
उन्होंने हाईवे की जमीन की सीमा स्पष्ट रूप से चिह्नित कराने और अतिक्रमण हटाने से पहले माइकिंग के जरिए लोगों को जानकारी देने को कहा। प्रशासन द्वारा अतिक्रमण हटाने में होने वाला खर्च संबंधित अतिक्रमणकर्ता से वसूल किया जाएगा। साथ ही मुक्त कराए गए स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण न हो, इसके लिए नियमित गश्ती और निगरानी के निर्देश दिए गए। हाईवे पर धूल की समस्या को देखते हुए दिन में तीन बार पानी का छिड़काव कराने को भी कहा गया।
सड़क सुरक्षा के तहत पूर्व में चिन्हित सात स्थानों पर स्पीड गन कैमरा लगाने की प्रक्रिया जल्द पूरी करने का निर्देश दिया गया। हाईवे पर गति सीमा और नो-पार्किंग को लेकर पर्याप्त साइनेज लगाने को भी कहा गया।
बैठक में बताया गया कि मौजा चोईरा में कोकपाड़ा के पास वे-साइड एमेनिटीज का निर्माण किया गया है। भविष्य में तीन अन्य स्थानों पर भी ऐसी सुविधाएं विकसित करने का प्रस्ताव है।
इसे भी पढ़ें :Jamshedpur News : जमशेदपुर में 15 अक्टूबर को सजेगा डांडिया रास महोत्सव, गरबा के साथ होंगी कई प्रतियोगिताएं
दुर्घटना की स्थिति में एनएचएआई की टीम और एंबुलेंस को तत्काल घटनास्थल पर पहुंचने का निर्देश दिया गया। एनएचएआई के अनुसार राष्ट्रीय राजमार्गों पर औसतन 32 किलोमीटर की दूरी पर एंबुलेंस तैनात रहती है। उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों और एजेंसियों को समन्वय बनाकर हाईवे की निगरानी, अवैध पार्किंग पर कार्रवाई और दुर्घटना के समय त्वरित मदद सुनिश्चित करने को कहा।




