Jamshedpur (Jharkhand): जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर में शुक्रवार देर शाम एक सनसनीखेज फायरिंग ( Jugsalai Firing) की घटना ने पूरे इलाके में दहशत फैला दी। गोलमुरी बाजार में चिकन की दुकान चलाने वाले जाफर अली पर अज्ञात हमलावरों ने ताबड़तोड़ गोलियां (Jugsalai Firing) चला दीं। बताया जा रहा है कि जाफर को दो से तीन गोलियां लगी हैं और उसे गंभीर हालत में टीएमएच (टाटा मेन हॉस्पिटल) में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जाफर अपने साथी के साथ किसी निजी काम से जुगसलाई फाटक के पास गया था। तभी घात लगाए बैठे हमलावरों ने अचानक फायरिंग शुरू कर दी और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। जुगसलाई पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
फिलहाल, पुलिस यह जांच कर रही है कि यह हमला पुरानी रंजिश का नतीजा है या किसी अपराधी गिरोह की साजिश। घटना से पूरे क्षेत्र में भय और तनाव का माहौल व्याप्त है। पुलिस ने मामला दर्ज कर अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू कर दी है।




