Jamshedpur : बागबेड़ा पुलिस ने देर रात छापेमारी कर बिहार से अवैध हथियार सप्लाई करने वाले पेडलर (Jamshedpur Arms Peddler) विष्णु सिंह उर्फ अंडा और उसके खरीदार बागबेड़ा के शातिर बदमाश बादशाह खान उर्फ राजा को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से एक देसी पिस्टल और मैगजीन बरामद की है। बताया जा रहा है कि विष्णु बिहार से अवैध हथियार लाकर जमशेदपुर में बेचता था। उसने हाल ही में बादशाह को पांच हजार रुपये में पिस्टल उपलब्ध कराई थी।
सिटी एसपी ने दी जानकारी
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि विष्णु से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वह बिहार में कहां से हथियार खरीदकर लाता है। उन्होंने कहा कि जमशेदपुर पुलिस लगातार अवैध हथियारों के खिलाफ अभियान चला रही है और अब तक 80 से ज्यादा अवैध हथियार बरामद किए जा चुके हैं। इससे पहले जुगसलाई से भी पुलिस ने एक आर्म्स सप्लायर (Jamshedpur Arms Peddler ) को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।
इसे भी पढ़ें – बिष्टुपुर में पुलिस कस्टडी से फरार हुए चोर, पत्रकारों ने दिखाई बहादुरी और धर दबोचा+VDO
ऐसे हुई गिरफ्तारी
बुधवार की देर रात करीब दो बजे बागबेड़ा रेलवे हाईस्कूल के पास गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की गई। पुलिस ने मौके से दो अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जबकि उनके दो साथी पंकज उर्फ गोलू और पोषो बच्चा फरार हो गए। दोनों फरार बदमाश बागबेड़ा रामनगर के रहने वाले बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुट गई है।
बादशाह पर दर्ज हैं 11 केस
गिरफ्तार अपराधियों में बागबेड़ा गांधी नगर का रहने वाला बादशाह खान उर्फ राजा और कीताडीह ग्वाला बस्ती साईं मंदिर के पास रहने वाला विष्णु सिंह उर्फ अंडा शामिल है। बादशाह पर पहले से ही 11 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें चोरी, मारपीट और आर्म्स एक्ट के केस शामिल हैं। पुलिस ने दोनों की मेडिकल जांच कराकर उन्हें जेल भेज दिया है।
पुलिस का मानना है कि ये अपराधी अपने साथियों के साथ किसी बड़े अपराध की साजिश रच रहे थे। इनकी गिरफ्तारी से इलाके के लोगों को राहत मिलेगी।




