Seraikela : झारखंड स्थापना दिवस समारोह के अवसर पर सरायकेला-खरसावां जिले में 17 से 28 नवंबर तक विभिन्न शैक्षणिक, सांस्कृतिक और सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जा (Seraikela News) रहा है। इसके तहत जिले के सरकारी एवं निजी विद्यालयों में विद्यार्थियों के लिए क्विज, निबंध, चित्रकला, पेंटिंग, नृत्य, गायन, झूमर और कहानी वाचन जैसी प्रतियोगिताएं आयोजित होंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से विद्यार्थियों को झारखंड के इतिहास, गौरवशाली विरासत, संस्कृति और विकास यात्रा से परिचित ( Seraikela News) कराया जाएगा।
झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम के तहत 17 से 20 नवंबर तक विद्यालयों में विशेष प्रातःकालीन प्रार्थना सभा होगी। प्रतिदिन सुबह 9 से 9:30 बजे तक आयोजित होने वाली सभा में झारखंड के महापुरुषों, आंदोलनकारियों, राज्य गठन के इतिहास और पिछले 26 वर्षों की विकास यात्रा की जानकारी दी (Seraikela News) जाएगी।
विद्यार्थियों के लिए होंगी अलग-अलग प्रतियोगिताएं
विद्यालय स्तर पर कक्षा 6 से 8 और कक्षा 9 से 12 तक के विद्यार्थियों को प्रतियोगिताओं में शामिल किया जाएगा। पेंटिंग प्रतियोगिता 17 और 18 नवंबर को होगी। इसमें झारखंड के महापुरुषों, ऐतिहासिक विभूतियों, पर्यटन स्थलों, पर्यावरण संरक्षण और पारंपरिक जनजातीय कला को विषय बनाया जाएगा।
क्विज प्रतियोगिता 18 और 19 नवंबर को आयोजित होगी। इसमें झारखंड के इतिहास, राज्य गठन, संस्कृति और विकास से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे। वहीं, 18 से 20 नवंबर तक निबंध प्रतियोगिता होगी। इसमें खनिज संपदा, वनोपज, कृषि आधारित औद्योगिकीकरण, पशुपालन, मत्स्य पालन, जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण संरक्षण जैसे विषय शामिल रहेंगे।
इसी अवधि में नृत्य, गायन, झूमर और कहानी वाचन प्रतियोगिताएं भी होंगी। इनमें स्थानीय लोकगीत, पारंपरिक पर्व-त्योहार और झारखंड की लोकसंस्कृति को प्रदर्शित करने का अवसर विद्यार्थियों को मिलेगा।
25 नवंबर को प्रखंड और 27 नवंबर को जिला स्तरीय प्रतियोगिता
विद्यालय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को आगे प्रखंड और जिला स्तर की प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने का अवसर मिलेगा। प्रखंड स्तरीय प्रतियोगिता 25 नवंबर को सुबह 10 बजे से शाम 4 बजे तक आयोजित होगी। इसके बाद 27 नवंबर को इसी समयावधि में जिला स्तरीय प्रतियोगिताएं होंगी। इनके आयोजन के लिए प्रखंड और जिला मुख्यालयों में संसाधनयुक्त विद्यालयों का चयन किया जाएगा।
28 नवंबर को टॉपर्स और प्रतिभाशाली विद्यार्थियों का सम्मान
कार्यक्रम के समापन चरण में 28 नवंबर को जिला स्तरीय पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित करने की योजना है। इस दौरान CBSE, JAC और ICSE की वार्षिक माध्यमिक एवं इंटरमीडिएट परीक्षा 2026 के टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा। इसके अलावा 80 CM School के चयनित छात्र-छात्राओं और झारखंड ई-शिक्षा महोत्सव 2025 के विजेताओं को भी सम्मान मिलेगा।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला शिक्षा अधीक्षक और संबंधित अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया है। उन्होंने विद्यालयों से लेकर जिला स्तर तक कार्यक्रमों का बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने और अधिकाधिक विद्यार्थियों की भागीदारी कराने पर जोर दिया है।
ग्राम पंचायतों में रोजगार सृजन अभियान के तहत जागरूकता रैली
दूसरी ओर, झारखंड स्थापना दिवस और राज्य सरकार के दो वर्ष पूरे होने के अवसर पर ग्रामीण विकास विभाग की ओर से VB-G RAM G के तहत संचालित विशेष रोजगार सृजन अभियान के अंतर्गत जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
17 नवंबर को सभी प्रखंडों की पंचायतों में जागरूकता रैली निकाली गई। इसके माध्यम से ग्रामीणों को योजना के प्रावधानों, रोजगार के अवसरों और आजीविका संवर्धन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई। अभियान के दौरान ग्रामीणों की जरूरतों के अनुसार व्यक्तिगत और सामुदायिक योजनाओं के चयन की प्रक्रिया भी चलाई गई।
रोजगार के इच्छुक जॉब कार्डधारी श्रमिकों से काम की मांग प्राप्त की गई, ताकि उन्हें रोजगार उपलब्ध कराने की दिशा में कार्रवाई की जा सके। बैनर, पोस्टर और रैलियों के माध्यम से भी योजनाओं का प्रचार-प्रसार किया गया। जिले में यह अभियान 15 से 28 नवंबर तक संचालित होगा। इसका उद्देश्य अधिकाधिक मानव दिवस का सृजन और ग्रामीणों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना है।
ग्राम पंचायतों में स्वच्छता अभियान पर भी जोर
झारखंड स्थापना दिवस पखवाड़ा के तहत जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 17 नवंबर को सामूहिक स्वच्छता अभियान आयोजित करने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया। पंचायती राज विभाग की ओर से 15 से 23 नवंबर तक चल रहे इस पखवाड़े में स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण, स्वास्थ्य और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी गतिविधियां की जा रही हैं।
इसके तहत सार्वजनिक स्थलों और जलस्रोतों की सफाई, पूजा सामग्री एवं अन्य कचरे का पृथक्करण और उचित निस्तारण सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। ग्रामीणों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने के साथ सामूहिक स्वच्छता संकल्प लेने की भी पहल की गई है।जिला प्रशासन ने जनप्रतिनिधियों, पंचायत स्तरीय कर्मियों और आम नागरिकों से इन कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी की अपील की है।
इसे भी पढ़ें – Seraikela News : सरायकेला में 19-20 नवंबर को होगा जनजातीय खेल महोत्सव, खिलाड़ियों को मिलेंगे 1 लाख रुपये तक के पुरस्कार




