स्टार टॉकीज के पास आशीर्वाद होटल के पीछे सरकारी जमीन से हटाया गया कब्जा, टाटा स्टील के आवेदन पर हुई कार्रवाई
Jamshedpur (Jharkhand) : सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज कर दी है। मंगलवार को बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में स्टार टॉकीज के पास आशीर्वाद होटल के पीछे अतिक्रमण हटाओ अभियान ( Jamshedpur Encroachment Drive) चलाया गया। प्रशासनिक टीम ने पुलिस बल की मौजूदगी में करीब 17 दुकानों को हटाकर जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया।
गौरतलब है कि संबंधित जमीन पर अतिक्रमण को लेकर टाटा स्टील की ओर से जिला प्रशासन को आवेदन दिया गया (Jamshedpur Encroachment Drive) था। आवेदन और अतिक्रमणवाद में पारित आदेश के आधार पर प्रशासन ने यह कार्रवाई की। अभियान के दौरान दंडाधिकारी, राजस्व विभाग के अधिकारी और पुलिस बल मौके पर मौजूद रहे।
नोटिस के बाद भी नहीं हटाया गया था कब्जा
प्रशासन के अनुसार, संबंधित लोगों को पहले ही नोटिस जारी कर सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित समय सीमा के भीतर कब्जा नहीं हटाए जाने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की।
प्रशासनिक टीम ने चिह्नित क्षेत्र में बनी दुकानों और अन्य अस्थायी निर्माण को हटाया। अभियान के दौरान करीब 17 दुकानों को हटाकर जमीन खाली कराई गई।
दंडाधिकारी की मौजूदगी में चला अभियान
मौके पर तैनात दंडाधिकारी ने बताया कि टाटा स्टील की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर अनुमंडल प्रशासन के आदेश से अतिक्रमण हटाया गया है। कार्रवाई के दौरान करीब 17 दुकानों को हटाया गया।
प्रशासन ने कहा है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ आगे भी नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। अभियान के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।
साकची में भी अतिक्रमण हटाने की तैयारी
प्रशासन की सूची के अनुसार साकची थाना क्षेत्र में भी सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई निर्धारित की गई है। विभिन्न अतिक्रमणवादों में पारित आदेश के आधार पर चिह्नित जमीन से कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया है।
राजस्व अधिकारियों को मौके पर उपस्थित रहकर दंडाधिकारी को आवश्यक सहयोग देने के निर्देश दिए गए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, यदि किसी मामले में न्यायालय का कोई आदेश सामने आता है तो उसका अध्ययन कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur News : झारखंड के थानों में मुस्लिम थाना प्रभारियों की संख्या पर सवाल, काशिफ रज़ा ने उठाई समान प्रतिनिधित्व की मांग




