Ranchi : भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की झारखंड प्रदेश इकाई को नया नेतृत्व मिल गया है। राज्यसभा सांसद और पार्टी के वरिष्ठ नेता आदित्य साहू को झारखंड भाजपा का नया प्रदेश अध्यक्ष (Jharkhand BJP President) चुना गया है। बुधवार को रांची में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी के केंद्रीय चुनाव पदाधिकारी सह केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव ने उनके निर्विरोध निर्वाचन की औपचारिक घोषणा (Jharkhand BJP President)की।
आदित्य साहू ने मंगलवार को प्रदेश भाजपा कार्यालय में अध्यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल किया था। इस पद के लिए किसी अन्य उम्मीदवार का नामांकन नहीं होने के कारण वे निर्विरोध निर्वाचित हुए। घोषणा के अवसर पर नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इस मौके पर जुएल उरांव ने भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के लिए झारखंड से 21 सदस्यों के निर्वाचन की भी घोषणा की। आदित्य साहू के प्रदेश अध्यक्ष बनने से पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा गया। धनबाद कोयलांचल समेत राज्य के विभिन्न जिलों से नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उन्हें बधाई दी।
गोड्डा के सांसद डॉ. निशिकांत दुबे ने कहा कि आदित्य साहू का नेतृत्व झारखंड भाजपा को संगठनात्मक रूप से और मजबूत करेगा तथा सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेगा।
आदित्य साहू इससे पहले झारखंड भाजपा के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रह चुके हैं। वे दो दशक से अधिक समय से संगठन में सक्रिय हैं और उपाध्यक्ष, महामंत्री सहित कई महत्वपूर्ण दायित्व निभा चुके हैं। शिक्षा जगत से जुड़े रहे आदित्य साहू वर्ष 2019 तक राम टहल चौधरी कॉलेज में व्याख्याता के रूप में भी सेवाएं दे चुके हैं। राजनीतिक विश्लेषकों के अनुसार, सामाजिक और राजनीतिक समीकरणों के लिहाज से भी यह नियुक्ति अहम मानी जा रही है।
इसे भी पढ़ें – हजारीबाग के हबीब नगर में भीषण विस्फोट, तीन लोगों की मौत, एक की हालत गंभीर
इधर, जमशेदपुर सहित राज्यभर से बधाइयों का सिलसिला जारी है। जिला भाजपा नेता सुबोध झा, जमशेदपुर महानगर के निवर्तमान जिलाध्यक्ष सुधांशु ओझा और महानगर अध्यक्ष संजीव सिन्हा ने आदित्य साहू को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में भाजपा झारखंड में नई ऊर्जा के साथ संगठन विस्तार और जनसेवा के नए कीर्तिमान स्थापित करेगी।




