Jamshedpur (Jharkhand): जमशेदपुर में 16 जुलाई को आयोजित होने वाली भगवान जगन्नाथ रथ यात्रा को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक ट्रैफिक और सुरक्षा व्यवस्था लागू की है। रथ यात्रा के दौरान शहर में दोपहर 2 बजे से रात 11 बजे तक भारी वाहनों की नो एंट्री (Jamshedpur Jagannath Rath Yatra) रहेगी। साथ ही बिष्टुपुर मेन रोड सहित कई प्रमुख मार्गों पर सामान्य वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा और वाहनों को डायवर्टेड रूट (Jamshedpur Jagannath Rath Yatra) से गुजरना होगा। इस संबंध में उपायुक्त राजीव रंजन, एसएसपी एहतेशाम वकारिब और यातायात डीएसपी नीरज ने आदेश जारी किया है।
प्रशासन की ओर से जारी रूट प्लान के अनुसार वोल्टास से रीगल गोलचक्कर तक दोनों मार्ग पूरी तरह बंद रहेंगे। वोल्टास से साकची जाने वाले वाहन खरकई रोड, मैला टंकी, तुलसी भवन, सोनेट होटल, धतकीडीह, लोयोला स्कूल और जुबली पार्क होकर साकची पहुंचेंगे। वहीं साकची से जुगसलाई जाने वाले वाहन रीगल गोलचक्कर, तुलसी भवन, मैला टंकी और वोल्टास गोलचक्कर होते हुए जुगसलाई जाएंगे।
गोलमुरी और मानगो से बिष्टुपुर आने वाले वाहनों के लिए भी वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं। रथ यात्रा जब मानगो चौक से डिमना चौक और फिर ट्रांसपोर्ट नगर की ओर बढ़ेगी, तब मानगो चौक और डिमना चौक पर ट्रैफिक को चरणबद्ध तरीके से डायवर्ट किया जाएगा। सुंदरनगर की ओर से आने वाले वाहनों को करणडीह, घाघीडीह, केंद्रीय विद्यालय और चाईबासा बस स्टैंड होते हुए रेलवे स्टेशन की ओर भेजा जाएगा। दोपहिया वाहनों के लिए भी अलग मार्ग तय किया गया है।
रथ यात्रा के समापन के बाद नो एंट्री की व्यवस्था पूर्व निर्धारित समय के अनुसार फिर से लागू कर दी जाएगी।
इधर, इस्कॉन जमशेदपुर की ओर से 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा और भगवान बलभद्र की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। यात्रा दोपहर 2:30 बजे आंध्र भक्त श्रीराम मंदिर, बिष्टुपुर से शुरू होकर गोपाल मैदान, जुस्को गोलचक्कर, स्ट्रेट माइल रोड, कीनन स्टेडियम और साकची बड़ा गोलचक्कर होते हुए शाम करीब 7:30 बजे साकची वाहन पड़ाव स्थल पहुंचेगी। करीब 4.5 किलोमीटर लंबे इस मार्ग में श्रद्धालु हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन करेंगे। यात्रा के दौरान महाप्रसाद, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और अन्य सुविधाओं की व्यवस्था की गई है। इस बार भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा और भगवान बलभद्र के लिए तीन आकर्षक रथ तैयार किए गए हैं। व्यवस्था संभालने के लिए करीब एक हजार स्वयंसेवकों की तैनाती की गई है।
इसे भी पढ़ें – DD Bar Murder Case: नीरज सिंह की जमानत पर अदालत में बहस, अभियोजन ने किया कड़ा विरोध
रथ यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए धालभूम अनुमंडल कार्यालय में एसडीएम और पुलिस अधीक्षक (नगर) की संयुक्त अध्यक्षता में सभी रथ यात्रा समितियों के साथ बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में बिजली, ट्रैफिक, साफ-सफाई, पेयजल, बैरिकेडिंग और सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा की गई। अधिकारियों ने संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी करने का निर्देश दिया और रथ समिति के प्रतिनिधियों से प्रशासन के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने की अपील की।




