Jamshedpur (Jharkhand) : रामनवमी विसर्जन (Jamshedpur Ramnavami) को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। रामनवमी के मौके पर ड्रोन से शहर की निगरानी होगी। रैफ के जवान तैनात किए जाएंगे।
इसी क्रम में उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी ने बुधवार को शहर के प्रमुख विसर्जन घाटों (Jamshedpur Ramnavami )का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को जरूरी निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्वर्णरेखा नदी, दोमुहानी, बालूघाट, बेलीबोधन, ग्रीन पार्क/डीवीसी, बागबेड़ा घाट और शास्त्रीनगर क्षेत्र का दौरा किया। उन्होंने स्पष्ट कहा कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
घाटों पर बैरिकेडिंग, समतलीकरण और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। साथ ही साफ-सफाई और पहुंच मार्गों की मरम्मत समय पर पूरी करने को कहा गया। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए गोताखोरों और आपदा प्रबंधन टीम को अलर्ट रहने के निर्देश दिए गए हैं।
भीड़ नियंत्रण और विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। ट्रैफिक व्यवस्था को दुरुस्त रखने, वॉच टावर, माइक सेट, ड्रोन और सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की भी व्यवस्था की जा रही है। उपायुक्त ने अखाड़ा समितियों और आयोजकों से प्रशासन का सहयोग करने की अपील की।
जेएनएसी के उपनगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने बताया कि नदी किनारे हादसों को रोकने के लिए विशेष एहतियात बरते जाएंगे। इसके तहत गोताखोर तैनात किए जाएंगे और नदी में लाल झंडियां लगाई जाएंगी, ताकि श्रद्धालु गहरे पानी में जाने से बच सकें। शहर के विभिन्न इलाकों, खासकर मानगो में बैरिकेडिंग कर यातायात नियंत्रित किया जाएगा।
पुलिस भी अलर्ट, शहर बनेगा छावनी
रामनवमी को लेकर जिला पुलिस भी पूरी तरह सतर्क है। साकची स्थित सीसीआर में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने पुलिस पदाधिकारियों और जवानों को विशेष दिशा-निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पर्व के दौरान किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
इसे भी पढ़ें – साकची गुरुद्वारा विवाद पर हाईकोर्ट की मुहर, निशान सिंह प्रधान पद पर बरकरार+VDO
संवेदनशील इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी और लगातार गश्त की जाएगी। रामनवमी के दौरान शहर को पुलिस छावनी में तब्दील कर दिया जाएगा। इसके साथ ही फ्लैग मार्च भी निकाला जाएगा, ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके।




