जमशेदपुर : (Jamshedpur News) सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बागुनहातू सरना मिडिल स्कूल में फिर चोरी हुई है। बुधवार की सुबह स्कूल के प्रिंसिपल मुकेश कुमार ठाकुर सुबह पौने सात बजे पहुंचे तो देखा की स्कूल के दरवाजे खुले हुए हैं। अंदर जाकर देखा तो कक्षा 8 का पंखा गायब है। चोर यहां से पांच पंखे खोल ले गए हैं। यह सब सीलिंग फैन थे। इसके अलावा क्लास से दो बल्ब और एक दीवार घड़ी भी पार कर दी है। घटना की जानकारी मिलने पर सिदगोड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्कूल का वीडियो बनाया और वापस चली गई। मुकेश कुमार ठाकुर ने पत्रकारों को बताया कि स्कूल में लगातार चोरी की घटना होती रहती है। (Jamshedpur News)
कुछ दिन पहले ही कक्षा एक से दो पंखे चोरी कर लिए गए थे। इस तरह इस महीने में अब तक साथ पंखे चोरी हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि हर बार पुलिस को सूचना दी जाती है। पुलिस आती है। लेकिन कभी कोई गिरफ्तारी नहीं हुई। ना ही सामान बरामद हुआ। मुकेश कुमार ठाकुर ने बताया कि यहां उनकी नियुक्ति साल 2017 में हुई थी। तब से अनगिनत बार चोरी हो चुकी है। कभी खिड़की का ग्रिल काटकर कर ले जाते हैं तो कभी कुछ सामान उठा ले जाते हैं।
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur News : मानगो में जेवर चोरी का मामला: टाटा स्टील के इंजीनियर के घर से 20 लाख के गहने गायब, परिचित पर शक
Jamshedpur News: चुनाव से पहले पार हो गई थी वायरिंग

Jamshedpur News: बागुनहातु का सरना मिडिल स्कूल
उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव से पहले चोरों ने यहां की वायरिंग पार कर दी थी। चोर वायरिंग उखाड़ कर ले गए थे। उन्होंने इसकी सूचना सिदगोड़ा थाने के अलावा अपने विभाग के अधिकारियों को दी। साथ ही डीसी, एसडीओ और एसएसपी को भी सूचना दी गई थी। लेकिन, कोई कार्रवाई नहीं हो सकी। उन्होंने बताया कि बाद में उन्होंने टेंपरेरी वायरिंग करने के बाद मतदान संपन्न कराया था।
गांव के कंचन दत्ता बताते हैं कि इस स्कूल को चोरों ने निशाने पर रखा है। स्कूल के आसपास नशेड़ी युवकों का जमावड़ा होता है। यह लोग वहां बैठकर गांजा, शराब आदि पीते हैं। आशंका जताई जा रही है कि यही युवक स्कूल में चोरी की घटना को अंजाम देते हैं।
