Jamshedpur : कदमा थाना क्षेत्र के शास्त्री नगर में 21 नवंबर की रात तौकीर आलम उर्फ गोरा (Jamshedpur Gora Murder Case) की गोली मारकर हुई हत्या मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। बुधवार को सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि पुलिस ने दो आरोपियों शादाब खान उर्फ बिली और शुभम पांडे को गिरफ्तार कर (Jamshedpur Gora Murder Case) जेल भेज दिया है। पुलिस ने दोनों के पास से मर्डर में उपयोग देशी पिस्टल भी बरामद कर ली है।
बताया गया कि दोनों आरोपी कुछ दिन पहले कदमा थाना में आत्मसमर्पण कर चुके थे। इससे पहले पुलिस मसूद इकबाल उर्फ आयान बच्चा को भी जेल भेज चुकी है। इस तरह अब तक तीन आरोपी गिरफ्तार हो चुके हैं।
सिटी एसपी ने जानकारी दी कि शादाब खान पर छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। 2018 से लगातार मारपीट और हत्या के प्रयास के केस उसके नाम पर चल रहे हैं। पूछताछ में शादाब ने बताया कि गोरा उससे रंगदारी मांगता था और धमकी देता था। उस पर पहले बम फेंका गया था, जिसके बाद उसने गोरा को खत्म करने की योजना बनाई।
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur Murder : भुइयांडीह में जुए के विवाद में युवक की हुई थी हत्या, पुलिस ने मुख्य आरोपी अशोक दुबे को गिरफ्तार किया
घटना की रात शादाब, शुभम और एक अन्य साथी शराब पी रहे थे, इसी दौरान विवाद बढ़ा। बातचीत में ही मर्डर प्लान तैयार हुआ और आयान बच्चा भी वहां पहुंच गया। बाद में सभी कार से फारूकी मस्जिद के पास पहुंचे, जहां गोरा मौजूद था और उसकी गोली मारकर हत्या कर दी गई।
गिरफ्तार आरोपी शादाब खान उर्फ बिली आज़ाद नगर ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 18 का निवासी है, जबकि शुभम कुमार कदमा शास्त्री नगर ब्लॉक नंबर 04, रोड नंबर 02, हाउस नंबर 7 का रहने वाला है। पुलिस अन्य फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।




