Jamshedpur (Jharkhand) : बिस्टुपुर स्थित डीडी बार में हुए चर्चित कातिलाना हमले और हिमांशु सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे डीडी बार के संचालक एवं भाजपा नेता नीरज सिंह को आखिरकार पुलिस ने गिरफ्तार (Jamshedpur DD Bar Murder) कर लिया है। नीरज सिंह को राजस्थान के खाटू श्याम मंदिर के पास से गिरफ्तार किया गया। उनकी गिरफ्तारी झारखंड पुलिस और राजस्थान पुलिस के संयुक्त समन्वय से संभव (Jamshedpur DD Bar Murder) हो सकी।
जानकारी के अनुसार, घटना के बाद से नीरज सिंह जमशेदपुर छोड़कर फरार चल रहे थे। उनकी तलाश में झारखंड पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इस दौरान पुलिस ने तकनीकी जांच और मोबाइल सर्विलांस की मदद से उनकी लोकेशन ट्रैक की। लोकेशन मिलने के बाद झारखंड पुलिस ने राजस्थान पुलिस से संपर्क किया, जिसके बाद संयुक्त कार्रवाई में उन्हें खाटू श्याम मंदिर के समीप से गिरफ्तार कर लिया गया।
सूत्रों के अनुसार, इस मामले में नीरज सिंह के मैनेजर को भी गिरफ्तार किया गया है। अब झारखंड पुलिस की टीम नीरज सिंह को ट्रांजिट रिमांड पर जमशेदपुर लाने के लिए राजस्थान रवाना हो चुकी है।
गौरतलब है कि बिस्टुपुर स्थित डीडी बार के बाहर पुलिस की मौजूदगी में चापड़ से हिमांशु सिंह और प्रत्युश आनंद पर जानलेवा हमला किया गया था। इस हमले में हिमांशु सिंह की मौत हो गई थी, जबकि प्रत्युश आनंद गंभीर रूप से घायल हुए थे। घटना के बाद शहर में राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर काफी हलचल मच गई थी।
इसे भी पढ़ें – ईरान ने दी अमेरिका और इसराइल को चेतावनी, खामेनेई की शहादत का बदला लेने का एलान
इस मामले में पुलिस ने कुल 11 लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की थी। इनमें नीरज सिंह और उनके मैनेजर का नाम भी शामिल है। पुलिस लगातार उनकी तलाश में जुटी थी और अब मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी को जांच में बड़ी सफलता माना जा रहा है। पुलिस का कहना है कि पूछताछ के बाद घटना से जुड़े कई महत्वपूर्ण तथ्यों का खुलासा हो सकता है।




