Home > Crime > Jamshedpur Murder Case: डबल डाउन पब एंड बार के बाहर चापड़ से हमले में हिमांशु की हत्या के बाद बिष्टुपुर में हंगामा, तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड, BJP नेता नीरज सिंह समेत 10 FIR, सिटी SP की गाड़ी में तोड़फोड़

Jamshedpur Murder Case: डबल डाउन पब एंड बार के बाहर चापड़ से हमले में हिमांशु की हत्या के बाद बिष्टुपुर में हंगामा, तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड, BJP नेता नीरज सिंह समेत 10 FIR, सिटी SP की गाड़ी में तोड़फोड़

Jamshedpur : बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन पब एंड बार के बाहर शनिवार रात हुई खूनी वारदात ने पूरे झारखंड को झकझोर (Jamshedpur Murder) दिया है। चापड़ से हुए हमले में गंभीर रूप से घायल आदित्यपुर निवासी हिमांशु सिंह ने टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं दूसरे घायल प्रत्यूष की हालत अब भी गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज (Jamshedpur Murder) जारी है।

हिमांशु की मौत के बाद पहले दर्ज जानलेवा हमले के मामले को अब हत्या में तब्दील कर दिया गया है। पुलिस भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत हत्या सहित अन्य गंभीर धाराएं जोड़ रही है। इस मामले में डबल डाउन पब एंड बार के मालिक एवं भाजपा नेता नीरज सिंह सहित 10 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। घटना के बाद शहर में तनाव का माहौल है। क्षत्रिय समाज, करणी सेना और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। पुलिस की कार्यशैली और कानून-व्यवस्था पर भी गंभीर सवाल उठ रहे हैं।

Jamshedpur Murder: हिमांशु की मौत के बाद हत्या का मामला दर्ज

शनिवार रात बिष्टुपुर स्थित डबल डाउन पब एंड बार के बाहर दो युवकों पर चापड़ से हमला किया गया था। इस हमले में हिमांशु सिंह और प्रत्यूष गंभीर रूप से घायल हुए थे। दोनों को इलाज के लिए टीएमएच में भर्ती कराया गया था। सोमवार शाम इलाज के दौरान हिमांशु ने दम तोड़ दिया, जिसके बाद पूरा मामला हत्या में बदल गया।

पुलिस अब हत्या की धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई कर रही है। प्रत्यूष का इलाज अभी भी अस्पताल में जारी है और उसकी हालत चिंताजनक बताई जा रही है।

Jamshedpur Murder: भाजपा नेता नीरज सिंह समेत 10 लोगों पर एफआईआर

सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर हरिओम नगर निवासी अरविंद सिंह की शिकायत पर बिष्टुपुर थाना में 10 लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।

Jamshedpur Murder: एफआईआर में जिन लोगों के नाम शामिल हैं, उनमें—

* भाजपा नेता एवं डबल डाउन पब एंड बार के मालिक नीरज सिंह

* सह-मालिक विजय कुमार

* सोनू राम सरदार उर्फ सोनू मंडल

* विश्वनाथ मंडल

* राहुल

* राज लोहार

* अमित लोहार

* अर्जुन लोहार

* गणेश लोहार

* लखन मार्डी

शामिल हैं।

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने सोनू राम सरदार और राज लोहार को मौके से गिरफ्तार कर लिया था। उनके पास से वारदात में प्रयुक्त चापड़ भी बरामद किया गया है। जबकि बार के दोनों मालिक समेत अन्य आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

Jamshedpur Murder: सीसीटीवी वीडियो ने खड़े किए पुलिस पर सवाल

इस पूरे घटनाक्रम का सीसीटीवी फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो में साफ दिखाई देता है कि पुलिस की मौजूदगी में ही हमलावर लगातार दोनों युवकों पर चापड़ से हमला करते रहे।

वीडियो में कुछ पुलिसकर्मी आरोपियों को रोकने की कोशिश करते नजर आते हैं, लेकिन वे हमलावरों पर पूरी तरह काबू नहीं पा सके। एक पुलिसकर्मी ने एक आरोपी को पकड़ भी लिया था, बावजूद इसके वह लगातार हमला करता रहा। इस वीडियो ने जमशेदपुर पुलिस की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Jamshedpur Murder: शाम छह बजे शुरू हुआ विवाद, देर रात तक चलता रहा बवाल

Bistupur Murder

Bistupur Murder

एफआईआर के अनुसार शनिवार शाम करीब छह बजे बार के भीतर किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ था। धीरे-धीरे यह विवाद बढ़ता गया और देर रात तक चलता रहा। आरोप है कि बाद में बार के कर्मचारियों और वहां मौजूद लोगों ने मिलकर दोनों युवकों पर धारदार हथियार से हमला कर दिया।

Jamshedpur Murder: छेड़छाड़ का आरोप बना विवाद की वजह

स्थानीय सूत्रों के अनुसार शुरुआत में दोनों युवकों और बार कर्मचारियों के बीच मामूली कहासुनी हुई थी। बाद में युवकों पर बार की डांसर से छेड़छाड़ करने का आरोप लगाया गया।

हालांकि परिजनों और स्थानीय लोगों का आरोप है कि छेड़छाड़ का आरोप केवल बहाना बनाया गया और इसके बाद योजनाबद्ध तरीके से दोनों युवकों पर हमला कर दिया गया। इस दावे की पुलिस की ओर से अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

परिजनों का आरोप— पुलिस की मौजूदगी में हुई हत्या

हिमांशु के परिजनों ने पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि पुलिस पहले ही मौके पर पहुंच चुकी थी और हिमांशु व प्रत्यूष को हिरासत में लेकर पीसीआर वाहन में बैठा चुकी थी।

परिजनों का आरोप है कि तभी हथियारों से लैस कुछ युवक बार से बाहर आए और पुलिस की मौजूदगी में दोनों युवकों को वाहन से खींचकर उन पर हमला कर दिया।परिवार का कहना है कि यदि पुलिस समय रहते सख्ती दिखाती तो आज हिमांशु जीवित होता।

घायलों को अस्पताल तक नहीं पहुंचाने का आरोप

परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद पुलिस ने घायलों को अस्पताल तक नहीं पहुंचाया। उन्हें अपने स्तर पर घायल युवकों को अस्पताल ले जाना पड़ा। परिजनों की मांग है कि घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों के खिलाफ हत्या में सहयोग और लापरवाही का मामला दर्ज किया जाए।

हिमांशु की मां ने थाने में किया हंगामा

Bistupur Police station

Bistupur Police station

हिमांशु की मौत के बाद सोमवार रात उसकी मां और बड़ी मां बिष्टुपुर थाना पहुंचीं और जमकर हंगामा किया।उन्होंने पुलिस अधिकारियों से पूछा कि गिरफ्तार दोनों आरोपी कहां हैं और उन्हें सामने लाने की मांग की। गुस्से में उन्होंने थाने के कई कमरों में जाकर आरोपियों को खोजने की कोशिश की। उनका कहना था कि उनके बेटे की हत्या पुलिस की आंखों के सामने हुई और पुलिस तमाशबीन बनी रही।

शव लेने से इनकार, टीएमएच के शीतगृह में रखा गया शव

परिजनों ने साफ कर दिया कि जब तक उनकी मांगें पूरी नहीं होंगी, तब तक वे हिमांशु का शव नहीं लेंगे।

उनकी प्रमुख मांगें थीं

* सभी नामजद आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी।

* घटनास्थल पर मौजूद पुलिसकर्मियों का निलंबन।

* संबंधित पुलिसकर्मियों पर एफआईआर दर्ज हो।

* हत्या की कठोर धाराओं में कार्रवाई हो।

इसी कारण शव को टीएमएच के शीतगृह में रखा गया।

बिष्टुपुर गोलचक्कर पर प्रदर्शन, जाम और तोड़फोड़

Bistupur Police station

Bistupur Police station

हिमांशु की मौत के बाद बिष्टुपुर रीगल गोलचक्कर पर भारी संख्या में लोग जुट गए। प्रदर्शनकारियों ने सड़क जाम कर दी और पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी। स्थिति धीरे-धीरे उग्र हो गई। प्रदर्शनकारियों ने टायर जलाए और पुलिस वाहनों पर हमला कर दिया। सिटी एसपी की गाड़ी और एक पीसीआर वाहन में भी तोड़फोड़ की गई।हालात को नियंत्रित करने के लिए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।

एसएसपी की बड़ी कार्रवाई, तीन पुलिसकर्मी सस्पेंड

लगातार बढ़ते जनाक्रोश और वायरल वीडियो के बाद जमशेदपुर के एसएसपी पीयूष पांडे ने बड़ी कार्रवाई की।

उन्होंने घटना के दौरान ड्यूटी पर मौजूद—

* एएसआई रतन कुमार दास

* एएसआई राजेश रंजन

* कांस्टेबल मनोज कुमार

को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।

इन पुलिसकर्मियों पर घटना के दौरान लापरवाही बरतने का आरोप है।

राजनीति भी गरमाई, अर्जुन मुंडा और सरयू राय ने सरकार को घेरा

हिमांशु हत्याकांड अब राजनीतिक मुद्दा भी बन गया है। पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने कहा कि यदि पुलिस की गाड़ी से किसी युवक को खींचकर उसकी हत्या कर दी जाती है, तो यह राज्य की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल है। उन्होंने पूछा कि क्या अपराधियों के मन से कानून का भय पूरी तरह समाप्त हो चुका है?

वहीं जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय ने कहा कि पुलिस की गाड़ी से निकालकर हमला करना जमशेदपुर पुलिस के चेहरे पर कालिख पोतने जैसा है। उन्होंने सभी आरोपियों पर हत्या की कठोर धाराओं में कार्रवाई करते हुए उन्हें कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की मांग की।

पहले भी विवादों में रहा है डबल डाउन पब एंड बार

स्थानीय लोगों का कहना है कि डबल डाउन पब एंड बार में पहले भी कई बार मारपीट और झगड़े की घटनाएं हो चुकी हैं। इस बार भी विवाद के बाद खूनी संघर्ष हुआ, जिसने एक युवक की जान ले ली और पूरे शहर में तनाव फैला दिया।

भाजपा नेता नीरज सिंह की राजनीतिक पृष्ठभूमि भी चर्चा में

नीरज सिंह भाजपा से जुड़े नेता हैं। उनकी पत्नी संध्या सिंह ने मानगो नगर निगम के मेयर पद का चुनाव भाजपा के टिकट पर लड़ा था, लेकिन उन्हें कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार सुधा गुप्ता से हार का सामना करना पड़ा था घटना के बाद राजनीतिक गलियारों में भी इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हैं।

Read also – Jamshedpur Knife Crime: बिष्टुपुर में डबल डाउन बार के सामने चाकूबाजी का CCTV फुटेज वायरल, पुलिस के सामने युवकों पर हुआ हमला

पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती

अब पुलिस के सामने तीन बड़ी चुनौतियां हैं—

* फरार आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी।

* हत्या के पूरे घटनाक्रम की निष्पक्ष जांच।

* शहर में कानून-व्यवस्था

बनाए रखना।

वहीं आम लोगों की निगाहें इस बात पर टिकी हैं कि पुलिस इस चर्चित हत्याकांड में कितनी तेजी और निष्पक्षता से कार्रवाई करती है।

You may also like
ऑपरेशन यात्री सुरक्षा फेल , टाटानगर स्टेशन बना मोबाइल चोरों का अड्डा, आए दिन हो रही चोरी
बांग्लादेश के राष्ट्रपति मोहम्मद शहाबुद्दीन ने स्वास्थ्य कारणों से दिया इस्तीफा
डिमना लेक हादसा: एमजीएम के दो जूनियर डॉक्टरों की मौत, अब उठ रहे हैं कई सवाल
छात्रों के मुद्दे पर कांग्रेस के विरोध में भाजपा का प्रदर्शन, जमशेदपुर में राहुल गांधी का पुतला फूंका

Leave a Reply