Jamshedpur (Jharkhand): शहर के डॉग प्रेमियों के लिए शुक्रवार से बहुप्रतीक्षित 79वां, 80वां और 81वां इंटरनेशनल चैंपियनशिप डॉग शो (Jamshedpur Dog Show) स्टार्ट हो गया है। जमशेदपुर केनेल क्लब (जेकेसी) की तरफ से आयोजित यह तीन दिवसीय आयोजन 9 से 11 जनवरी 2026 तक जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के तीरंदाजी मैदान में हो रहा है। इस प्रतिष्ठित डॉग शो में देश भर से आई 43 नस्लों के कुल 326 डॉग्स पार्टिसिपेट कर रहे हैं।
फ्राइडे को जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में अंतरराष्ट्रीय स्तर के इस डॉग शो (Jamshedpur Dog Show) का भव्य उद्घाटन टाटा स्टील के सीईओ एवं एमडी टीवी नरेंद्रन ने केनेल क्लब का ध्वजारोहण कर और चैंपियनशिप कप का अनावरण करके किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि यह आयोजन जमशेदपुर ही नहीं, बल्कि झारखंड के सबसे प्रतिष्ठित और लोकप्रिय कार्यक्रमों में शामिल है, जो डॉग प्रेमियों, प्रशिक्षकों और प्रजनकों को एक साझा मंच उपलब्ध कराता है।
उद्घाटन समारोह के बाद टाटा स्टील और टाटा मोटर्स के प्रशिक्षित डॉग्स ने दांतों में गुलदस्ता थामकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया। इसके बाद हर्डल जंप, दीवार पार करने जैसे साहसिक करतबों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
Jamshedpur Dog Show: 1977 में हुई थी केनेल क्लब की स्थापना
जमशेदपुर केनेल क्लब की चेयरमैन रुचि नरेंद्रन ने बताया कि क्लब की स्थापना 1977 में हुई थी और वर्ष 1978 से लगातार डॉग शो का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जमशेदपुर को वर्ष 2014 और 2025 में राष्ट्रीय स्तर के डॉग शो की मेजबानी का गौरव मिल चुका है।
श्वानों की ये प्रजातियां ले रही हिस्सा
तीन दिवसीय आयोजन के दौरान ऑबीडियंस ट्रायल्स, लैब्राडोर रिट्रीवर स्पेशलिटी शो, बीगल स्पेशलिटी शो और ऑल ब्रीड चैंपियनशिप शो जैसी प्रमुख प्रतियोगिताएं आयोजित की जा रही हैं। शो में गोल्डन रिट्रीवर, रॉटवाइलर, डोबरमैन, लैब्राडोर, बीगल, जर्मन शेफर्ड के साथ तिब्बती मास्टिफ, चाउ-चाउ, डोगो अर्जेंटिनो और इंग्लिश सेटर जैसी दुर्लभ विदेशी नस्लें भी शामिल हैं। इसके अलावा कंबाई, मुधोल हाउंड, पश्मी और राजा पालयम जैसी भारतीय नस्लें भी दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं।
डॉग शो में एफसीआई प्रमाणित अंतरराष्ट्रीय निर्णायक डॉग्स की शारीरिक बनावट, अनुशासन और प्रशिक्षण कौशल का मूल्यांकन कर रहे हैं। इस वर्ष जमशेदपुर के पालतू कुत्तों के लिए विशेष प्रतियोगिता भी रखी गई है, जिसमें स्थानीय डॉग्स और प्रशिक्षकों को सम्मानित किया जाएगा। बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी के बीच यह आयोजन पूरे उत्साह और उल्लास के साथ जारी है।




