Jamshedpur : जैसे-जैसे मतदान के दिन नजदीक आ रहे हैं। घाटशिला विधानसभा उपचुनाव (Ghatshila By-Election 2025 AJSU) में प्रचार जोर पकड़ रहा है। शुक्रवार को आजसू पार्टी ने भी महागठबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। आजसू पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता संजय कुमार मेहता ने साकची में एक होटल में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर झामुमो और जेएलकेएम को खूब खरी खोटी सुनाई। संजय कुमार मेहता ने कहा कि झामुमो की सरकार हर मोर्चे पर विफल हो गई है।
सरकार ने नौकरियां देने का वादा किया था। नौजवानों को बेरोजगार भत्ता देने का वादा किया था। इसके अलावा कई वादे थे जो सरकार पूरा नहीं कर पाई है। उन्होंने कहा कि जेएलकेएम सिर्फ प्रदेश में लूट खसोट कर रहा है। उन्होंने इसे झारखंड लूट खसोट पार्टी का नाम दिया। संजय मेहता ने आरोप लगाया कि जेएलकेएम घाटशिला विधानसभा चुनाव में सत्ता दल के प्रत्याशी की मदद के लिए खड़ा हुआ है।
इसे भी पढ़ें – घाटशिला विधानसभा उपचुनाव में AI के भ्रामक सामग्री के दुरुपयोग पर कड़ी रोक, निर्वाचन आयोग ने जारी किए नए निर्देश
इस दौरान भाजपा के (Ghatshila By-Election 2025 AJSU) उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन के खिलाफ थानों में दर्ज मुकदमों पर किए गए सवाल का संजय मेहता ने कोई जवाब नहीं दिया। बार-बार पूछे जाने पर बस इतना कहा कि भाजपा के उम्मीदवार ने निर्वाचन आयोग को एफीडेविट में सभी मुकदमों का जिक्र कर दिया है। गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव में जेएलकेएम के चलते झारखंड की राजनीति से आजसू पार्टी का लगभग सफाया हो गया है।
विधानसभा चुनाव में आजसू पार्टी का सूपड़ा साफ हो गया है। पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो तक चुनाव हार गए। इसीलिए आजसू के सामने जेएलकेएम एक चुनौती बनकर खड़ा है।




