Jamshedpur : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन ने पूरी तैयारी कर ली है। शुक्रवार, 14 नवंबर को भाजपा उम्मीदवार बाबूलाल सोरेन और झामुमो उम्मीदवार सोमेश सोरेन सहित कुल 13 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला होगा। मतगणना सुबह सात बजे से जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज में शुरू होगी।
सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती की जाएगी, उसके बाद आठ बजे से ईवीएम की गिनती शुरू होगी। मतगणना के लिए 15 टेबल लगाए गए हैं, जहां 20 राउंड में काउंटिंग होगी। दोपहर बाद तक अंतिम परिणाम आने की संभावना है।
इसे भी पढ़ें – Ghatshila By-Election : घाटशिला में 74.63% वोटिंग, सोमेश व बाबूलाल की किस्मत EVM में कैद, 14 नवंबर को होगी गिनती + VDO
को-ऑपरेटिव कॉलेज परिसर में भाजपा और झामुमो दोनों के टेंट लगे हुए हैं। गुरुवार को भाजपा कैंप में सन्नाटा था, जबकि झामुमो खेमे में नेताओं का जमावड़ा और उत्साह का माहौल देखा गया। झामुमो उम्मीदवार सोमेश सोरेन अपने समर्थकों और नेताओं के साथ मतगणना की तैयारियों में जुटे रहे।
सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने शाम को मतगणना स्थल का निरीक्षण किया। कॉलेज परिसर के बाहर बैरिकेडिंग की गई है और वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी और वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने मतगणना को लेकर समीक्षा बैठक की। उन्होंने निर्देश दिया कि मतगणना प्रक्रिया पूर्ण पारदर्शिता और निष्पक्षता के साथ की जाए। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी और नियंत्रण कक्ष से निगरानी की जाएगी।
सभी मतगणना टेबलों पर प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती की गई है। पोस्टल बैलेट और ईटीबीपीएस मतों की गिनती के दौरान निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का सख्ती से पालन होगा।
वरीय पुलिस अधीक्षक ने कहा कि को-ऑपरेटिव कॉलेज परिसर में बिना वैध पास के प्रवेश सख्त वर्जित रहेगा। सुरक्षा व्यवस्था के लिए अतिरिक्त बल की तैनाती की गई है ताकि मतगणना शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो सके।बैठक में सिटी एसपी कुमार शिवाशीष, एडीएम (लॉ एंड ऑर्डर) भगीरथ प्रसाद, निर्वाची अधिकारी घाटशिला सुनील चन्द्र और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।




