Jamshedpur (Jharkhand) : गालूडीह थाना क्षेत्र के खड़िया कॉलोनी स्थित कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) दुकान में हुए चर्चित तारापद महतो हत्याकांड (Galudih Murder)में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले के एक और फरार आरोपी को उलीडीह से गिरफ्तार कर लिया गया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के लाल बाबा फाउंड्री निवासी निवास कुमार दुबे उर्फ छोटू दुबे के रूप में हुई है।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी अपनी ससुराल उलीडीह में छिपा हुआ है। सूचना के आधार पर छापेमारी कर उसे दबोच लिया गया। गुरुवार को उसे न्यायिक हिरासत (Galudih Murder) में जेल भेज दिया गया।
बड़े भाई ने रची थी हत्या की साजिश
ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि आरोपी निवास दुबे के बड़े भाई जितेंद्र दुबे का मृतक तारापद महतो के साथ जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी रंजिश में हत्या की साजिश रची गई थी। जितेंद्र दुबे पहले से ही जेल में बंद है। पूछताछ के दौरान निवास ने रांची के एक अन्य बदमाश की संलिप्तता का भी खुलासा किया है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
हथियार और बाइक बरामद
पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस का कहना है कि ये सभी साक्ष्य केस को मजबूत करेंगे।
12 जनवरी को हुई थी हत्या
गौरतलब है कि 12 जनवरी को बदमाशों ने उलीडीह के पुतरु निवासी तारापद महतो की उनके सीएससी सेंटर में घुसकर गोली मारकर हत्या कर दी थी। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने नेशनल हाईवे जाम कर आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की थी।
इसे भी पढ़ें – साधु बनकर सोना दोगुना करने का झांसा, उलीडीह में जेवर ठगने वाले दो आरोपी गिरफ्तार+VDO
कई आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल
इस मामले में पुलिस पहले ही कई आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। भाजपा के जिला महामंत्री हराधन सिंह को भी हत्या के आरोप में जेल भेजा गया था। वहीं एक अन्य आरोपी दिनेश बाउरी ने एसडीजेएम कोर्ट में सरेंडर किया था।
इसके अलावा बिरसानगर के विकास दुबे उर्फ राहुल दुबे और टेल्को के अभिषेक कुमार उर्फ गोलू उर्फ हैप्पी को भी पुलिस ने चाकू के साथ गिरफ्तार किया था। पुलिस का कहना है कि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है और जल्द ही सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।




