जमशेदपुर में डीएमएफटी शासी परिषद की बैठक, खनन प्रभावित क्षेत्रों के विकास पर हुई चर्चा
Jamshedpur : जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) शासी परिषद की बैठक (Jamshedpur DMFT Meeting) सोमवार को उपायुक्त सह अध्यक्ष कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में सिदगोड़ा स्थित टाउन हॉल में आयोजित की गई। बैठक में बहरागोड़ा के विधायक समीर मोहंती, पोटका के विधायक संजीव सरदार, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, मुखियागण और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद थे।
(Jamshedpur DMFT Meeting) बैठक में डीएमएफटी मद से चल रही योजनाओं की प्रगति, प्राथमिकताएं और संसाधनों के प्रभावी उपयोग पर विस्तार से चर्चा की गई। उपायुक्त ने कहा कि डीएमएफटी निधि का उद्देश्य खनन प्रभावित क्षेत्रों का सर्वांगीण विकास है, इसलिए योजनाओं का लाभ सीधे लाभुकों तक पारदर्शिता के साथ पहुंचे यह सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने ग्राम सभा के माध्यम से प्राथमिकता आधारित योजनाओं की अनुशंसा पर बल दिया।
विधायक समीर मोहंती ने कहा कि योजनाओं की सफलता स्थानीय जरूरतों के अनुरूप कार्यान्वयन पर निर्भर है। उन्होंने भवनहीन स्कूल, आंगनबाड़ी केंद्र और पेयजल योजनाओं को प्राथमिकता देने की बात कही। वहीं विधायक संजीव सरदार ने कहा कि पंचायत प्रतिनिधि ग्राम सभा में चर्चा कर प्राथमिक योजनाएं भेजें ताकि विकास कार्यों को गति मिल सके
इसे भी पढ़ें – घाटशिला में 11 नवंबर को होगा मतदान, 14 को गिने जाएंगे वोट, 13 अक्टूबर से लगेगी आचार संहिता+ वीडियो
उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान ने योजनाओं की मॉनिटरिंग व्यवस्था को और मजबूत करने पर जोर दिया। उन्होंने बताया कि जिले में 196 प्रत्यक्ष और 19 अप्रत्यक्ष खनन प्रभावित पंचायतें हैं। अब तक 14,169 योजनाओं में से 9,675 योजनाएं पूरी की जा चुकी हैं।
बैठक में मुखियाओं ने अपने-अपने पंचायतों की जरूरतें और सुझाव रखे। उपायुक्त ने जनप्रतिनिधियों से योजनाओं के क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग की अपील की। बैठक में उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार, जिला शिक्षा पदाधिकारी मनोज कुमार सहित अन्य विभागीय अधिकारी मौजूद रहे।




