Home > Jamshedpur > JPSC-JSSC भर्ती घोटालों के विरोध में भाजपा का आक्रोश मार्च, सीबीआई जांच और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की उठाई मांग

JPSC-JSSC भर्ती घोटालों के विरोध में भाजपा का आक्रोश मार्च, सीबीआई जांच और मुख्यमंत्री के इस्तीफे की उठाई मांग

Jamshedpur (Jharkhand) : झारखंड में जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल, जूनियर इंजीनियर और उत्पाद सिपाही समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं, पेपर लीक और भर्ती घोटालों के विरोध में शनिवार को भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) जमशेदपुर महानगर ने जिला उपायुक्त कार्यालय पर आक्रोश मार्च निकालकर प्रदर्शन (Jamshedpur BJP Protest) किया। प्रदर्शन के बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल के नाम जिला उपायुक्त के माध्यम से ज्ञापन सौंपते हुए भर्ती घोटालों की सीबीआई जांच, दोषियों पर कार्रवाई और पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने की मांग की।

भाजयुमो जिलाध्यक्ष नीतीश कुशवाहा के नेतृत्व और भाजपा जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह की अध्यक्षता में आयोजित इस प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवा और छात्र शामिल (Jamshedpur BJP Protest) हुए। साकची स्थित भाजपा जिला कार्यालय से उपायुक्त कार्यालय तक निकाले गए मार्च में प्रदर्शनकारियों ने हाथों में तख्तियां और पोस्टर लेकर राज्य सरकार के खिलाफ नारेबाजी की तथा भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता की मांग उठाई।

कई साल से हो रहे पेपर लीक

ज्ञापन में कहा गया कि पिछले कई वर्षों से जेपीएससी और जेएसएससी की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक, कथित भ्रष्टाचार और अनियमितताओं की घटनाएं सामने आती रही हैं, जिससे लाखों अभ्यर्थियों का भविष्य प्रभावित हुआ है। भाजपा ने रांची के मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा स्टेडियम में आंदोलनरत छात्रों की मांगों का समर्थन करते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग दोहराई।

भाजपा ने अपने ज्ञापन में मांग की कि जेपीएससी और जेएसएससी से जुड़े सभी कथित भर्ती घोटालों की उच्चस्तरीय एवं समयबद्ध जांच कराई जाए। साथ ही पेपर लीक में शामिल दोषियों, बिचौलियों और अधिकारियों पर कड़ी कानूनी कार्रवाई हो। पार्टी ने भर्ती प्रक्रिया को तकनीक आधारित और भ्रष्टाचार मुक्त बनाने, फास्ट ट्रैक कोर्ट के माध्यम से मामलों का त्वरित निपटारा करने, 14वीं जेपीएससी मामले की सीबीआई जांच कराने तथा कथित जिम्मेदार अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग भी रखी। इसके अलावा उत्पाद सिपाही दौड़ परीक्षा के दौरान मृत अभ्यर्थियों के परिजनों को एक-एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने और लंबित नियुक्तियों को जल्द पूरा करने की भी मांग की गई।

वादे पर खरा नहीं उतरने का आरोप

इस दौरान भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद आभा महतो ने आरोप लगाया कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार देने के अपने वादों पर खरी नहीं उतरी है। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही कथित गड़बड़ियों ने युवाओं का भरोसा तोड़ा है और उनकी वर्षों की मेहनत पर सवाल खड़े कर दिए हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा युवाओं की आवाज को मजबूती से उठाती रहेगी और निष्पक्ष भर्ती व्यवस्था सुनिश्चित होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष बबुआ सिंह ने कहा कि यह केवल भर्ती परीक्षाओं का मुद्दा नहीं, बल्कि राज्य के लाखों युवाओं के भविष्य और प्रशासनिक व्यवस्था की विश्वसनीयता से जुड़ा विषय है। उन्होंने कहा कि यदि सरकार युवाओं की मांगों को नजरअंदाज करती रही तो भाजपा लोकतांत्रिक तरीके से अपना आंदोलन और तेज करेगी।

इसे भी पढ़ें – एमजीएम अस्पताल में ये होमगार्ड हैं या लठैत, तीमारदारों पर बेरहमी से बरसाई लाठियां

प्रदर्शन में भाजपा के कई वरिष्ठ नेताओं, पदाधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और बड़ी संख्या में युवा कार्यकर्ताओं ने भाग लिया

You may also like
जमशेदपुर में 24 घंटे में तीन चेन स्नैचिंग, मॉर्निंग वॉक पर निकली महिला से दो लाख की सोने की चेन झपटी+VDO
एमजीएम अस्पताल में ये होमगार्ड हैं या लठैत, तीमारदारों पर बेरहमी से बरसाई लाठियां
चेहल्लुम पर रांची में होंगे धार्मिक आयोजन, 4 अगस्त को निकलेगा मुख्य जुलूस
सोनारी में महिला से चेन स्नैचिंग की कोशिश, हादसे के बाद बाइक छोड़कर फरार हुए बदमाश+VDO

Leave a Reply