Boram (Jamshedpur) : पूर्वी सिंहभूम के बोड़ाम थाना क्षेत्र स्थित अंधारझोर गांव में भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा को अराजक तत्वों द्वारा क्षतिग्रस्त किए जाने का मामला ( Birsa Munda Statue Damaged) सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश और तनाव का माहौल है। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
गौरतलब है कि अंधारझोर गांव के हाथीकूदा फुटबॉल मैदान में स्थापित भगवान बिरसा मुंडा की प्रतिमा को किसी अज्ञात व्यक्ति या अराजक तत्वों ने नुकसान ( Birsa Munda Statue Damaged) पहुंचाया। घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय ग्रामीणों में नाराजगी फैल गई।
इस संबंध में अंधारझोर निवासी राकेश कुमार सिंह की लिखित शिकायत पर बोड़ाम थाना में अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज की गई है। पुलिस का कहना है कि प्रतिमा को नुकसान पहुंचाने के पीछे अराजक तत्वों का हाथ होने की आशंका है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और अन्य साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें – ऑपरेशन यात्री सुरक्षा: टाटानगर स्टेशन पर RPF-जीआरपी की बड़ी कार्रवाई, ट्रेन से मोबाइल चोरी करने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार
बिरसा मुंडा झारखंड के महान स्वतंत्रता सेनानी और आदिवासी समाज के प्रेरणास्रोत माने जाते हैं। उन्हें श्रद्धा और सम्मान के साथ ‘धरती आबा’ के नाम से जाना जाता है। उनकी शहादत 9 जून 1900 को हुई थी। ऐसे में उनकी प्रतिमा को क्षतिग्रस्त किए जाने की घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।




