Jamshedpur (Jharkhand) : सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र में गुरुवार को एक सनसनीखेज घटना (Seraikela Mysterious Death) सामने आई है। सतबोहनी स्थित साई कृष्णा हेवन सिटी के एक फ्लैट से गिरने के कारण 18 वर्षीय किशोरी की मौत हो गई। मृतका की पहचान सतबोहनी निवासी खुशबू कुमारी के रूप में हुई है। घटना के बाद पूरे आवासीय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल (Seraikela Mysterious Death) बन गया।
गौरतलब है कि खुशबू कुमारी गुरुवार को अचानक साई कृष्णा हेवन सिटी पहुंची थी। उसने परिसर में तैनात गार्ड को बताया कि वह फ्लैट नंबर 515 में रहने वाले एक परिचित से मिलने आई है। इसके बाद वह फ्लैट में चली गई। कुछ देर बाद उसके ऊंचाई से नीचे गिरने की खबर फैली, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर आदित्यपुर थाना पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। घटना की जानकारी मिलते ही मृतका के परिजन भी वहां पहुंच गए।
पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि खुशबू फ्लैट नंबर 515 में किससे मिलने गई थी और वहां पहुंचने के बाद आखिर उसके साथ क्या हुआ। फ्लैट में मौजूद लोगों के साथ-साथ घटना से जुड़े अन्य लोगों से भी पूछताछ की जा रही है।
घटना से पहले फ्लैट (Seraikela Mysterious Death) के अंदर की परिस्थितियां कैसी थीं और किशोरी नीचे कैसे गिरी, पुलिस इन सभी बिंदुओं की जांच कर रही है। फिलहाल पुलिस मामले को आत्महत्या के एंगल से भी देख रही है, लेकिन हत्या या किसी अन्य कारण की संभावना से भी इनकार नहीं किया गया है।
इसे भी पढ़ें – लौहनगरी में ईद मिलाद-उन-नबी पर उमड़ा जनसैलाब, ‘सरकार की आमद मरहबा’ से गूंजा जमशेदपुर
पुलिस का कहना है कि जांच, पूछताछ और सभी तथ्यों की पुष्टि के बाद ही किशोरी की मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल यह मामला आदित्यपुर पुलिस के लिए एक पेचीदा गुत्थी बना हुआ है।




