Seraikela (Jharkhand) : आदित्यपुर में शनिवार दोपहर एक निर्माणाधीन साइट पर बड़ा हादसा हो गया, जहां करीब 20 फीट ऊंचाई से गिरने के कारण दो मजदूरों की मौके पर ही मौत (Adityapur Accident) हो गई। घटना के बाद निर्माण स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और वहां काम कर रहे मजदूरों में दहशत (Adityapur Accident) फैल गई।
हादसे के तुरंत बाद दोनों मजदूरों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान गम्हरिया के नीलडूंगरी निवासी रामू मुर्मू (30) और लखींद्र हांसदा (28) के रूप में हुई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, दोनों मजदूर ऊंचाई पर निर्माण कार्य कर रहे थे, तभी अचानक संतुलन बिगड़ने से वे नीचे गिर पड़े। साथी मजदूरों ने आरोप लगाया कि साइट पर सुरक्षा के बुनियादी इंतजाम नहीं थे। न तो हेलमेट दिया गया था और न ही सेफ्टी बेल्ट या सुरक्षा जाल की व्यवस्था थी।
घटना के बाद मृतकों के परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां उनका रो-रोकर बुरा हाल था। परिजनों ने निर्माण कंपनी से उचित मुआवजे और जिम्मेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में NEET UG परीक्षा को लेकर ट्रैफिक अलर्ट, शहर में लागू रहेगी नो एंट्री, भारी वाहनों पर रोक
इधर, झारखंड में लगातार हो रहे ऐसे हादसे निर्माण कार्यों में सुरक्षा मानकों की अनदेखी को उजागर कर रहे हैं। मामले की सूचना मिलने के बाद आरआईटी पुलिस जांच में जुट गई है और निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था की भी जांच की जा रही है।




