Jamshedpur : झारखंड विधानसभा की प्राक्कलन समिति ने सोमवार को पूर्वी सिंहभूम जिले में चल रही विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। परिसदन सभागार में समिति के सभापति हेमलाल मुर्मू की अध्यक्षता में हुई बैठक में विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारियों और अभियंताओं से योजनाओं के क्रियान्वयन की जानकारी ली गई।
बैठक में योजनाओं की प्रगति, निर्माण कार्यों की गुणवत्ता और निर्धारित समय-सीमा पर विशेष चर्चा हुई। समिति ने अधिकारियों को लंबित योजनाओं में तेजी लाने और नियमित स्थल निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
राज्य संपोषित योजनाओं में देरी पर समिति ने संबंधित अधिकारियों को कार्ययोजना तैयार कर लंबित काम पूरा कराने को कहा। संवेदकों के साथ नियमित बैठक कर काम की निगरानी करने तथा अनावश्यक विलंब करने वाले संवेदकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
समिति ने यह भी कहा कि पूरी हो चुकी योजनाओं का उद्घाटन स्थानीय जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में कराया जाए और नई योजनाओं का शिलान्यास भी जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किया जाए। योजनाओं की प्रगति से स्थानीय जनप्रतिनिधियों को अवगत कराने तथा उपायुक्त स्तर पर लंबित योजनाओं की नियमित समीक्षा करने पर भी जोर दिया गया।
खनन एवं भूतत्व विभाग की समीक्षा के दौरान खनन प्रभावित क्षेत्रों में नियमों के अनुसार विकास कार्य कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया।
पर्यटन स्थलों पर जरूरी सुविधाएं विकसित करने, स्वास्थ्य केंद्रों में चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा पात्र लोगों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने का निर्देश भी समिति ने दिया।
स्कूली शिक्षा विभाग की समीक्षा के दौरान विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, स्वच्छता और बच्चों के सर्वांगीण विकास पर ध्यान देने को कहा गया। इसके अलावा ग्रामीण विकास, पेयजल एवं स्वच्छता, भवन निर्माण, पथ निर्माण, ऊर्जा, कृषि, कल्याण और समाज कल्याण समेत अन्य विभागों की योजनाओं की भी समीक्षा की गई।
समिति ने सभी विभागों को लंबित योजनाओं को तय समय में पूरा करने और सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभुकों तक पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
बैठक में उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, एसडीएम धालभूम अर्नव मिश्रा, अपर उपायुक्त अनुराग तिवारी, जिला खनन पदाधिकारी, तकनीकी विभागों के अभियंता और विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें – भारत-वेस्टइंडीज टी-20 मैच को लेकर रांची में सुरक्षा सख्त, बिना टिकट दर्शकों को स्टेडियम के पास नहीं जुटने दिया जाएगा+VDO




