Jamshedpur (Jharkhand) : मानगो थाना क्षेत्र के मानगो गोलचक्कर के पास बुधवार देर शाम एक यात्री बस अचानक अनियंत्रित हो गई। टाटा से भागलपुर जा रही शंकर-पार्वती बस ने पारडीह रोड स्थित सिंधी होटल के पास सड़क किनारे खड़ी दो मोटरसाइकिलों को अपनी चपेट में ( Mango Accident) ले लिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बस मानगो बस स्टैंड से निकलकर मानगो चौक होते हुए डिमना चौक की ओर जा रही थी। इसी दौरान मानगो चौक के पास बस में तकनीकी खराबी आने और ब्रेक फेल होने की बात सामने (Mango Accident) आई। इसके बाद चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस का रुख पारडीह रोड की ओर हो गया। इसी दौरान सड़क किनारे खड़ी दो बाइकें बस की चपेट में आ गईं।
दुर्घटना में किसी यात्री या राहगीर के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना नहीं है। हालांकि बस में सवार कुछ यात्रियों को हल्की चोटें आईं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। हादसे के बाद दोनों क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिलें बस के नीचे फंसी नजर आईं।
घटना की सूचना मिलते ही मानगो थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल पर जुटी भीड़ को हटाया तथा यातायात व्यवस्था सामान्य कराने का प्रयास किया। हादसे के कारण कुछ देर तक सड़क पर जाम जैसी स्थिति बनी रही।
स्थानीय लोगों के अनुसार, दुर्घटना काफी भयावह थी। यदि हादसे के वक्त सड़क पर अधिक भीड़ होती तो बड़ी जनहानि हो सकती थी। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। बस में तकनीकी खराबी और दुर्घटना के वास्तविक कारणों की भी पड़ताल की जा रही है।
इसे भी पढ़ें:Jamshedpur Crime: निखार सबलोक हत्याकांड में गैंगवार के बीच सफेदपोश कनेक्शन से सियासी गलियारे में हड़कंप+VDO




