Jamshedpur (Jharkhand) : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा प्रखंड के पाथरा गांव के पास सोमवार को उस समय ग्रामीणों में कौतूहल फैल गया, जब आसमान से पैराशूट के सहारे एक अज्ञात उपकरण (Bahragora News) जमीन पर आ गिरा। अचानक आसमान से नीचे आती इस वस्तु को देखकर बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और तरह-तरह के कयास (Bahragora News) लगाने लगे।
घटना की जानकारी मिलने के बाद बरसोल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और उपकरण को सुरक्षित कब्जे में लेकर थाने ले गई। शुरुआती जांच में पुलिस ने पाया कि यह कोई संदिग्ध या खतरनाक वस्तु नहीं, बल्कि वैज्ञानिक अनुसंधान से संबंधित उपकरण है।
पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जानकारी के आधार पर यह उपकरण पश्चिम बंगाल के मेदिनीपुर स्थित विद्यासागर विश्वविद्यालय की ओर से अनुसंधान के उद्देश्य से छोड़ा गया था। उपकरण पर एक संपर्क नंबर भी दर्ज था। पुलिस ने उस नंबर के जरिए संबंधित अधिकारियों से संपर्क किया, जिसके बाद उपकरण के बारे में स्थिति स्पष्ट हुई।
विश्वविद्यालय के अधिकारियों ने पुलिस को बताया कि यह उपकरण वैज्ञानिक शोध का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि वैज्ञानिकों की टीम अगले दो-तीन दिनों में बरसोल पहुंचेगी और उपकरण को अपने साथ ले जाएगी। तब तक पुलिस ने इसे सुरक्षित अपने कब्जे में रखा है।
पुलिस ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे उपकरण से दूरी बनाए रखें और उसे छूने अथवा किसी तरह की छेड़छाड़ करने की कोशिश न करें।
हालांकि, पैराशूट के जरिए उपकरण को आसमान से जमीन पर उतारने का उद्देश्य क्या था और इसका इस्तेमाल किस प्रकार के वैज्ञानिक अनुसंधान में किया जा रहा था, इसकी विस्तृत जानकारी वैज्ञानिकों की टीम के पहुंचने के बाद ही सामने आएगी।
इसे भी पढ़ें – डुमरिया में 30 बेड के नवनिर्मित अस्पताल का आज उद्घाटन, स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी करेंगे लोकार्पण
फिलहाल आसमान से पैराशूट के सहारे उतरे इस वैज्ञानिक उपकरण को लेकर पाथरा गांव और आसपास के इलाके में दिनभर चर्चा का माहौल बना रहा।




