Jamshedpur (Jharkhand) : झारखंड के जमशेदपुर स्थित जुगसलाई थाना क्षेत्र के मिल्लत नगर के हबीब नगर में रविवार शाम रंगदारी और उधारी के विवाद को लेकर फायरिंग (Jugsalai Firing) की घटना सामने आई है। आरोप है कि मोहल्ले के ही दो युवकों ने एक जनरल स्टोर संचालक को धमकाने के लिए हवाई फायरिंग की और मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और तनाव (Jugsalai Firing) का माहौल बन गया।
गौरतलब है कि हबीब नगर में संचालित एक जनरल स्टोर पर बच्चा राज और पलटन नामक दो युवक पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि दोनों ने दुकानदार से करीब पांच हजार रुपये की उधारी के साथ रंगदारी की मांग की। दुकानदार द्वारा पैसे देने से इनकार करने पर दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया, जो कुछ ही देर में बढ़ गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक विवाद बढ़ने पर दुकानदार ने अपनी दुकान का शटर बंद कर लिया। इससे नाराज युवकों ने शटर पर लात मारकर तोड़फोड़ की। इसके बाद दहशत फैलाने के उद्देश्य से दो राउंड हवाई फायरिंग कर दी। बताया जाता है कि एक गोली दुकान के सामने स्थित बंपर के पास चली, जबकि दूसरी गोली नजदीकी क्षेत्र में दागी गई।
स्थानीय लोगों के अनुसार यह घटना शाम करीब 7:43 बजे से 7:45 बजे के बीच हुई। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए और इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलने पर जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। जांच के दौरान पुलिस ने मौके से दो खोखा भी बरामद किए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आरोपित युवकों के खिलाफ पहले भी आपराधिक गतिविधियों से जुड़ी शिकायतें सामने आती रही हैं। हालांकि पुलिस सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है और मामले की तह तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
इसे भी पढ़ें – चाईबासा में दुष्कर्म का आरोपी सरायकेला नगर पंचायत का कार्यपालक पदाधिकारी समीर सस्पेंड, चल रहा है फरार
जुगसलाई थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही घटना में शामिल लोगों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा। फायरिंग की इस घटना के बाद स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्ती बढ़ाने और असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




