Home > Education > बीएड प्रवेश परीक्षा में हंगामा: समय पर पहुंचने का दावा करने वाले अभ्यर्थियों को नहीं मिली एंट्री, केंद्र के बाहर विरोध

बीएड प्रवेश परीक्षा में हंगामा: समय पर पहुंचने का दावा करने वाले अभ्यर्थियों को नहीं मिली एंट्री, केंद्र के बाहर विरोध

Jamshedpur (Jharkhand) : बीएड, एमएड और बीपीएड संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा के दौरान रविवार को जमशेदपुर के ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर वीमेन परीक्षा केंद्र पर उस समय विवाद खड़ा हो गया, जब कई अभ्यर्थियों को परीक्षा में शामिल होने की अनुमति (Jamshedpur Bed Entrance Exam) नहीं मिली। इससे नाराज छात्रों ने केंद्र के बाहर विरोध प्रदर्शन किया और परीक्षा प्रबंधन पर लापरवाही का आरोप लगाया।

जानकारी के अनुसार परीक्षा के लिए रिपोर्टिंग समय सुबह 10:15 बजे निर्धारित था, जबकि परीक्षा (Jamshedpur Bed Entrance Exam) सुबह 10:30 बजे शुरू हुई। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे परीक्षा शुरू होने से पहले ही केंद्र पहुंच गए थे, लेकिन प्रवेश द्वार पर दस्तावेज सत्यापन और अन्य औपचारिकताओं में देरी के कारण उन्हें अंदर प्रवेश नहीं दिया गया।

छात्रों के अनुसार कुछ अभ्यर्थियों को अंतिम समय में प्रवेश की अनुमति दी गई, जबकि अन्य को बाहर ही रोक दिया गया। इसी को लेकर छात्रों में नाराजगी बढ़ गई। उनका कहना था कि जब परीक्षा शुरू होने से ठीक पहले कुछ परीक्षार्थियों को प्रवेश दिया जा सकता है, तो उन्हें परीक्षा से वंचित करना उचित नहीं है।

विरोध के दौरान कुछ छात्र केंद्र के मुख्य गेट पर चढ़ गए और परीक्षा में शामिल करने की मांग करने लगे। मौके पर मौजूद सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें नीचे उतारकर स्थिति को नियंत्रित किया। अभ्यर्थियों का कहना है कि वे भले ही रिपोर्टिंग समय से कुछ मिनट देर से पहुंचे हों, लेकिन परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्र परिसर में मौजूद थे। इसके बावजूद उन्हें परीक्षा में शामिल नहीं किया गया, जिससे उनका एक शैक्षणिक वर्ष प्रभावित हो सकता है।

प्रिया सिंह, हाजरा खातून, जियासवारी दास और ज्योति समेत कई अभ्यर्थियों ने आरोप लगाया कि मामूली देरी को आधार बनाकर उन्हें परीक्षा से वंचित कर दिया गया। उनका कहना है कि परीक्षा शुरू होने से पहले केंद्र पहुंचने के बावजूद उन्हें अवसर नहीं दिया गया, जो उनके साथ अन्याय है।

3032 अभ्यर्थी हुए परीक्षा में शामिल

जमशेदपुर के आठ परीक्षा केंद्रों पर आयोजित इस संयुक्त प्रवेश परीक्षा में कुल 3801 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। इनमें से 3032 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 769 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा में कुल उपस्थिति 79.77 प्रतिशत और अनुपस्थिति 20.23 प्रतिशत दर्ज की गई। प्रशासन के अनुसार परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई और किसी भी केंद्र से कदाचार की सूचना नहीं मिली।

इसे भी पढ़ें – जुगसलाई के मिल्लत नगर में रंगदारी और उधारी विवाद को लेकर फायरिंग, इलाके में दहशत

केंद्रवार उपस्थिति

करीम सिटी कॉलेज, मानगो – 744 पंजीकृत, 582 उपस्थित, 162 अनुपस्थित

ग्रेजुएट स्कूल कॉलेज फॉर वीमेन, साकची – 729 पंजीकृत, 588 उपस्थित, 141 अनुपस्थित

दयानंद पब्लिक स्कूल, साकची – 648 पंजीकृत, 525 उपस्थित, 123 अनुपस्थित

जेकेएस इंटर कॉलेज ऑफ कॉमर्स, मानगो – 552 पंजीकृत, 438 उपस्थित, 114 अनुपस्थित

एबीएम कॉलेज, गोलमुरी – 408 पंजीकृत, 318 उपस्थित, 90 अनुपस्थित

श्यामा प्रसाद इंटर कॉलेज, टाटानगर – 384 पंजीकृत, 315 उपस्थित, 69 अनुपस्थित

उत्कल समाज इंटर कॉलेज, गोलमुरी – 336 पंजीकृत, 266 उपस्थित, 70 अनुपस्थित

प्राचार्य का पक्ष

ग्रेजुएट कॉलेज की प्राचार्य डॉ. वीणा प्रियदर्शी ने कहा कि परीक्षा में प्रवेश और परीक्षा शुरू होने का समय पहले से निर्धारित था और इसकी जानकारी सभी अभ्यर्थियों को थी। निर्धारित समय पर केंद्र का गेट बंद कर दिया गया था। ऐसे में यदि कोई अभ्यर्थी बाहर रह गया तो इसकी जिम्मेदारी उसकी स्वयं की है। कॉलेज प्रशासन इसमें कोई बदलाव नहीं कर सकता था।

You may also like
Jamshedpur PM Avas : सरयू ने PM आवास के फ्लैट्स को बताया नरक, रांची तक मचा हड़कंप
एग्रिको सिग्नल पर पूर्व सीएम रघुवर के घर के पास सड़क हादसे में मानगो के मार्बल कारोबारी और उसके बेटे की मौत
मानगो में SIR कर्मी को भेष में फ्लैट में घुस महिला को बंधक बनाकर लूटपाट करने वाले चार बदमाश गिरफ्तार, महिला भी पकड़ी गई+VDO
अगला वित्तीय इंफ्रास्ट्रक्चर स्मार्ट, प्रोग्रामेबल, सुरक्षित और समावेशी हो : अजय चौधरी

Leave a Reply