Jamshedpur (Jharkhand ) : पूर्वी सिंहभूम जिले के बहरागोड़ा थाना क्षेत्र में पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ तस्करी (Bahragora Marijuana Smuggling) के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस दौरान पुलिस ने दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके पास से करीब 50 किलो गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार कीमत 25 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है।
ग्रामीण एसपी ऋषभ गर्ग ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए एक टाटा पंच (JH05DS-6333) को रोका। तलाशी लेने पर वाहन की डिक्की से 25 पैकेट में रखा गया गांजा बरामद हुआ। इसके साथ ही पुलिस ने वाहन, दो मोबाइल फोन और 3,482 रुपये नकद (Bahragora Marijuana Smuggling) भी जब्त किए हैं।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि यह गांजा ओडिशा के चिल्का झील क्षेत्र से लाया गया था, जिसे बिहार और जमशेदपुर में खपाने की योजना थी। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भीम यादव और राज कुमार पाल के रूप में हुई है। दोनों से पूछताछ जारी है, जिससे इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
यह कार्रवाई घाटशिला अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने अंजाम दी। छापेमारी में बहरागोड़ा थाना प्रभारी सहित कई पुलिसकर्मी शामिल थे।
इसे भी पढ़ें – हॉर्मुज जलडमरूमध्य में अमेरिकी युद्धपोतों की एंट्री नाकाम, ईरान की चेतावनी के बाद लौटे – बड़ा सैन्य टकराव टला
पुलिस ने इस मामले में एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है और पूरे नेटवर्क की जांच शुरू कर दी गई है। ग्रामीण एसपी ने बताया कि गिरोह के सरगना की पहचान कर ली गई है और उसकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है। गौरतलब है कि पुलिस ने इससे पहले भी ओडिशा से जमशेदपुर लाया गया गांजा बरामद किया था। मगर, ओडिशा में जहां से गांजा आ रहा है उस ठिकाने को ध्वस्त नहीं किया जा सका है।




