Jamshedpur (Jharkhand) : 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर पूर्वी सिंहभूम जिला मुख्यालय में बिष्टुपुर स्थित गोपाल मैदान में भव्य जिला स्तरीय समारोह (Jamshedpur Republic Day) का आयोजन किया गया। उपायुक्त सह जिला दण्डाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर परेड की सलामी ली और जिलावासियों को गणतंत्र दिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह में वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय, उप विकास आयुक्त नागेन्द्र पासवान, ग्रामीण व नगर पुलिस अधीक्षक समेत प्रशासन और पुलिस विभाग के कई वरीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
परेड और झांकियां बनी आकर्षण का केंद्र
(Jamshedpur Republic Day) कार्यक्रम में नौ टुकड़ियों ने शानदार मार्च पास्ट किया। परेड में जिला महिला पुलिस को प्रथम, झारखंड सशस्त्र पुलिस (पुरुष)–06 को द्वितीय तथा जिला पुलिस (डीएपी) को तृतीय स्थान मिला। वहीं विभागीय झांकियों में परिवहन विभाग प्रथम, शिक्षा विभाग द्वितीय और समाज कल्याण विभाग तृतीय रहा। विजेताओं को ट्रॉफी देकर सम्मानित किया गया।
वीर सैनिकों और आंदोलनकारियों का सम्मान
समारोह के दौरान शौर्य चक्र से सम्मानित जूनियर वारंट ऑफिसर मो. जावेद, सेना मेडल विजेता हवलदार रघुनाथ हांसदा सहित झारखंड आंदोलनकारियों को सम्मानित किया गया।
विकास कार्यों की उपलब्धियां गिनाईं
अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि जिला प्रशासन समावेशी विकास, सामाजिक न्याय और अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास, आजीविका, सामाजिक सुरक्षा, खाद्य सुरक्षा, पेयजल, कृषि और पशुपालन के क्षेत्र में जिले की उपलब्धियों का विस्तृत उल्लेख किया।
स्वास्थ्य क्षेत्र में सिकल सेल एनीमिया जांच लैब, 100 बेड का प्री-फैब्रिकेटेड अस्पताल, मॉडल इम्यूनाइजेशन सेंटर और हजारों मरीजों की स्क्रीनिंग जैसी पहलें की गईं। शिक्षा में उत्कृष्ट विद्यालयों के बेहतर परिणाम, आईसीटी लैब और व्यावसायिक शिक्षा को बढ़ावा मिला।
मनरेगा के तहत लाखों मानव दिवस सृजित किए गए, प्रधानमंत्री आवास योजना में हजारों घर बने, और ग्रामीण महिलाओं को सखी मंडलों के माध्यम से आर्थिक रूप से सशक्त किया गया। सामाजिक सुरक्षा योजनाओं के तहत लाखों लाभुकों को पेंशन और सहायता राशि दी जा रही है।
जल, स्वच्छता और कृषि पर जोर
ग्रामीण घरों तक पाइपलाइन से जलापूर्ति, हजारों शौचालय निर्माण, बीज वितरण, सिंचाई योजनाएं और पशुधन विकास कार्यक्रमों से किसानों व ग्रामीणों की आय बढ़ाने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं।
इसे भी पढ़ें – भुइयांडीह नाले से लापता युवक का शव बरामद, हत्या की आशंका से दहशत में लोग, पुलिस जांच तेज+VDO
कार्यालयों में भी हुआ झंडोत्तोलन
जिला समाहरणालय, रेड क्रॉस भवन, पुलिस लाइन, अनुमंडल कार्यालयों और सभी प्रखंड मुख्यालयों समेत सरकारी व गैर-सरकारी संस्थानों में भी झंडोत्तोलन कर राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी गई। पूरे जिले में देशभक्ति और उत्साह का माहौल देखने को मिला।
उपायुक्त ने महात्मा गांधी के ‘अंतिम व्यक्ति’ वाले संदेश को याद करते हुए कहा कि प्रशासन की हर योजना का उद्देश्य समाज के सबसे कमजोर व्यक्ति तक लाभ पहुंचाना है।




