Jamshedpur : पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र में शनिवार रात एक भीषण सड़क दुर्घटना (Kovali Bike Accident) में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा (Kovali Bike Accident) हड़ियान काली मंदिर के पास रात करीब आठ बजे हुआ, जब तीनों युवक एक ही मोटरसाइकिल पर सवार होकर तुड़ी मेला देखकर घर लौट रहे थे।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मोटरसाइकिल संख्या जेएच-05 बीजेड 0698 तेज रफ्तार में थी। इसी दौरान बाइक अचानक अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे लगे लोहे के नेम बोर्ड के खंभे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक चला रहे संजीत नायक, निवासी बाकुलचन्दा गांव (डुमरिया प्रखंड) की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।
मोटरसाइकिल पर सवार अन्य दो युवक गेलहुं और श्रीशांत गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत कोवाली थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल, जमशेदपुर भेजा गया, जहां दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटनाग्रस्त मोटरसाइकिल को जब्त कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार प्राथमिक जांच में तेज रफ्तार और संतुलन बिगड़ना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है। हालांकि, सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़ें – आदित्यपुर में युवक पर जानलेवा हमले का आरोपी गिरफ्तार, पुलिस कार्रवाई पर उठे सवाल+VDO
इस हादसे के बाद मृतक के गांव में मातम पसर गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।




