Jamshedpur (Jharkhand) : राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रस्तावित जमशेदपुर आगमन को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड ( President Jamshedpur Tour में आ गया है। 29 दिसंबर को होने वाले राष्ट्रपति के दौरे के दौरान सोनारी एयरपोर्ट से लेकर करनडीह स्थित जाहेर स्थान तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए जाएंगे। राष्ट्रपति के आवागमन (President Jamshedpur Tour) मार्ग पर चप्पे-चप्पे पर सुरक्षाकर्मियों की तैनाती के साथ-साथ ड्रोन कैमरों से भी निगरानी की जाएगी।
तैयारियों की समीक्षा के लिए उपायुक्त कर्ण सत्यार्थी की अध्यक्षता में डीसी कार्यालय सभागार में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक में राष्ट्रपति के आगमन और प्रस्थान, सोनारी एयरपोर्ट, कार्यक्रम स्थल करनडीह जाहेर स्थान, सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन और नागरिक सुविधाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की गई।
ट्रैफिक और वैकल्पिक मार्गों पर विशेष फोकस
उपायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि राष्ट्रपति के दौरे के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही नहीं होनी चाहिए। ट्रैफिक मैनेजमेंट, वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था, पार्किंग प्लान और आम जनता की सुगम आवाजाही को ध्यान में रखते हुए ठोस कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए गए।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में अमरनाथ गिरोह के शातिर अपराधी अंकित शर्मा समेत छह गिरफ्तार, दो महिलाएं भी शामिल+VDO
आपातकालीन व्यवस्था रहेगी चाक-चौबंद
सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता बताते हुए डीसी ने सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी, पास सिस्टम और आपातकालीन प्रबंधन को दुरुस्त रखने पर जोर दिया। स्वास्थ्य विभाग को एम्बुलेंस व मेडिकल टीम तैनात करने, अग्निशमन विभाग को फायर सेफ्टी मानकों का पालन सुनिश्चित करने तथा बिजली, पेयजल और नगर निगम से जुड़े विभागों को निर्बाध सेवाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए।
उपायुक्त ने कहा कि राष्ट्रपति का पूर्वी सिंहभूम आगमन जिले के लिए गर्व का विषय है, इसलिए सभी विभाग समयबद्ध और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करें। बैठक में प्रशासन, एयरपोर्ट प्रबंधन, नगर निगम, स्वास्थ्य, पथ निर्माण, विद्युत समेत सभी संबंधित विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे।

