Jamshedpur : घाटशिला विधानसभा उपचुनाव 2025 (Ghatshila By-Election) को लेकर पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन ने पूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार सुबह 11 बजे जमशेदपुर स्थित को-ऑपरेटिव कॉलेज में बने डिस्पैच सेंटर से मतदान दलों को मतदान सामग्री और दस्तावेजों के साथ उनके बूथों के लिए रवाना किया गया। कुल 300 पोलिंग पार्टियां डिस्पैच की गईं। सभी मतदान दाल घाटशिला पहुंच गए हैं। यहां मतदान केंद्रों पर पोलिंग पार्टियों का स्वागत किया गया। सुबह 5:30 सभी मतदान केंद्रों पर माक पोल होगा। इसके बाद सुबह 7:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक वोटिंग होगी।
(Ghatshila By-Election) मतदान दलों की गतिविधियों पर कड़ी निगरानी रखने के लिए सभी वाहनों में GPS ट्रैकिंग सिस्टम लगाया गया है। इसकी मदद से जिला कंट्रोल रूम में वाहनों की रीयल टाइम लोकेशन मॉनिटरिंग होगी और मतदान दलों की मूवमेंट पर लगातार नजर रखी जा सकेगी।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में दिनदहाड़े 10 लाख की लूट, पिस्टल तानकर बदमाशों ने टाटा मोटर्स वेंडर ऑफिस से उड़ाए लेबर पेमेंट के रुपये
डिस्पैच सेंटर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी, वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय और पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) ऋषभ गर्ग ने व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मतदाताओं से जुड़े हर दिशा-निर्देश का सख्ती से पालन करने और मतदान को शांतिपूर्ण व पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने का निर्देश दिया।
सामान्य प्रेक्षक राखी विश्वास ने माइक्रो ऑब्जर्वर, सेक्टर अधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि मतदान केंद्रों पर मतदाताओं को किसी भी प्रकार की समस्या न हो। दिव्यांग मतदाताओं की सुविधा, बूथों की सुगम पहुंच और मतदान प्रक्रिया की सतत निगरानी पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि सेक्टर पदाधिकारी फील्ड में लगातार सक्रिय रहेंगे और किसी भी शिकायत या गड़बड़ी की स्थिति में तुरंत कंट्रोल रूम को सूचना देंगे। मतदान सामग्री की समय पर वापसी के लिए भी पूरी व्यवस्था की गई है।
वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने कहा कि संवेदनशील और अति-संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किए गए हैं। जिला और अनुमंडल स्तरीय क्विक रिस्पॉन्स टीमों को अलर्ट मोड पर रखा गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी असामाजिक तत्व को माहौल बिगाड़ने की अनुमति नहीं दी जाएगी और प्रशासन भयमुक्त मतदान सुनिश्चित करेगा। जिला प्रशासन का लक्ष्य है— हर मतदाता बिना दबाव और भय के मतदान कर सके और लोकतांत्रिक प्रक्रिया गरिमा के साथ पूरी हो।


