Jamshedpur : ऑल इंडिया माइनॉरिटी सोशल वेलफेयर फ्रंट (AIMIM) के केंद्रीय महासचिव व प्रदेश महासचिव बाबर खान ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा “I Love Muhammad” लिखने पर एक खास समुदाय के लोगों पर किए जा रहे अत्याचार व शोषण के विरोध में फ्रंट 10 अक्टूबर 2025 को संवैधानिक अधिकार के तहत जनआक्रोश सभा आयोजित करेगा।
सभा भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19(1)(b) के तहत शांतिपूर्वक अभिव्यक्ति व सभा के अधिकार का प्रयोग करते हुए 4:00 बजे शाम से रात 10:00 बजे तक रखी गई है।
बाबर खान ने बताया कि उन्होंने ज़िला प्रशासन को पत्र भेजकर आयोजन के लिए उलाडीह थाना क्षेत्र के मानगो गांधी मैदान, साकची थाना क्षेत्र के आम बागान मैदान या बिषटुपुर थाना क्षेत्र के गोपाल मैदान में से किसी एक स्थान पर अनुमति देने का अनुरोध किया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा शासित राज्यों में मुसलमानों पर लगातार अन्याय हो रहा है और बेगुनाह लोगों को पुलिस जेल में डाल रही है। उनकी आवाज़ दबाई जा रही है।
बाबर खान ने मौलाना तौकीर रजा खान को जेल भेजे जाने का हवाला देते हुए कहा कि इस तरह की कार्रवाई लोगों को सड़कों पर उतरने के लिए मजबूर कर रही है। उन्होंने साफ किया कि यह आंदोलन शांतिपूर्ण व संवैधानिक होगा और मुसलमान अपने मौलिक व धार्मिक अधिकारों के लिए कानून के दायरे में लड़ेंगे।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर सिदगोड़ा में दिनदहाड़े चोरी, बदमाशों ने घर से उड़ाया 1.15 लाख का सामान+VDO
बाबर खान ने कहा, “हमें मालूम है कि इस संवैधानिक लड़ाई को अंजाम तक पहुंचाने में मेरी मौत भी हो सकती है, लेकिन हम डरेंगे नहीं। जो लोग मरने से डरते हैं उन्हें गुलाम बनाना होगा।” उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार से अपनी भाषा व कार्रवाई नियंत्रित रखने की अपील की। अंत में उन्होंने कहा — I Love MUHAMMAD ﷺ — मरते दम तक वह मोहम्मद की शान में कभी गुस्ताखी बर्दाश्त नहीं करेंगे।




