Jamshedpur : उलीडीह थाना क्षेत्र अंतर्गत शंकोसाई रोड नंबर 1 स्थित दुर्गा मंदिर के पास सोमवार सुबह एक युवक का शव (Jamshedpur Murder) संदिग्ध हालात में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान 25 वर्षीय विशाल महतो के रूप में हुई है, जो कृष्णा नगर गौड़ बस्ती का रहने वाला था और मजदूरी कर अपने परिवार का भरण-पोषण करता था।
परिजनों ने युवक की मौत को हत्या (Jamshedpur Murder) बताया है और उलीडीह थाने के सामने जोरदार प्रदर्शन करते हुए सड़क को जाम कर दिया। आक्रोशित बस्तीवासियों ने पुलिस से हत्यारों की फौरन गिरफ्तारी की मांग की है। इधर पुलिस का कहना है कि युवक की मौत करंट लगने से भी हो सकती है, लेकिन सच्चाई पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur Bank Of India : BOI RSETI जमशेदपुर में राजमिस्त्री प्रशिक्षक की जरूरत, ग्रामीण युवाओं को देंगे स्वरोजगार का प्रशिक्षण
परिजनों के अनुसार रविवार रात करीब 11 बजे विशाल घर से यह कहकर निकला था कि वह सूर्य मंदिर सजाने जा रहा है और देर रात मंदिर में ही रुकेगा। उसने यह भी कहा था कि लौटने से पहले फोन करेगा। लेकिन रात एक बजे जब पिता विकास महतो ने कॉल किया, तो उसका मोबाइल स्विच ऑफ मिला। अगली सुबह जब उसका शव दुर्गा मंदिर के पास एक मकान की छत पर पड़ा मिला, तो परिजनों के होश उड़ गए।
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जमा हो गए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेजा और छानबीन शुरू कर दी है।
विशाल के पिता ने स्पष्ट तौर पर आरोप लगाया कि उनके बेटे की हत्या की गई है। उन्होंने कहा कि विशाल का किसी से कोई विवाद नहीं था, फिर भी उसकी मौत रहस्यमय हालात में हुई है। उनका मानना है कि यह एक सोची-समझी साजिश का हिस्सा है।
पोस्टमार्टम के दौरान भी परिजनों ने अस्पताल परिसर में जमकर हंगामा किया और आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की। थाना प्रभारी ने कहा कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो पाएगी। फिलहाल पुलिस घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।




