Jamshedpur : दिव्यांग बच्चों की प्रतिभा को मंच देने और उन्हें प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से निशान सेवा ट्रस्ट, जायसवाल समाज, हिन्दू पीठ, जायंट्स ग्रुप और IFRM 3250 के संयुक्त तत्वावधान में विशेष सामाजिक-सांस्कृतिक कार्यक्रम “Sparsh” का आयोजन 21 सितंबर को XLRI प्रांगण, जमशेदपुर (झारखंड) में किया जाएगा। (Jamshedpur News)
इस कार्यक्रम में शारीरिक और मानसिक रूप से दिव्यांग बच्चे अपनी डांस, सिंगिंग और एक्टिंग जैसी प्रस्तुतियों से दर्शकों को मंत्रमुग्ध करेंगे। आयोजन की खासियत यह है कि झारखंड में पहली बार सभी विशेष स्कूलों के बच्चों को एक मंच पर आमंत्रित किया गया है। बच्चों को इसमें निःशुल्क भाग लेने का अवसर मिलेगा। (Jamshedpur News)
कार्यक्रम के विशेष आकर्षण होंगे
गायक दिवाकर शर्मा (दिल्ली) : दृष्टिहीन होने के बावजूद “सा रे गा मा” और “राइजिंग स्टार” जैसे रियलिटी शो में अपनी गायकी का परचम लहराया। लता मंगेशकर और आशा भोसले जैसे दिग्गज उनकी गायकी की प्रशंसा कर चुके हैं।
हास्य कलाकार जय छनियारा : मात्र 12 वर्ष की आयु में “द ग्रेट इंडियन लाफ्टर चैलेंज” से पहचान बनाई। “कॉमेडी का बादशाह” (सोनी टीवी) और तारक मेहता का उल्टा चश्मा में भी अभिनय कर चुके हैं।
दोनों कलाकारों को बुलाने का उद्देश्य दिव्यांग बच्चों को नई दिशा देना और उनके माता-पिता को प्रेरित करना है। कार्यक्रम में भाग लेने वाले सभी बच्चों को ट्रॉफी और सर्टिफिकेट से सम्मानित किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में लॉयर्स डिफेंस प्रतिनिधि मंडल ने गोलमुरी थाना प्रभारी को किया सम्मानित
आयोजक समिति ने समाज के सभी वर्गों, संस्थानों और नागरिकों से अपील की है कि वे इस पहल में सहयोग करें और बच्चों के चेहरों पर मुस्कान लाने में भागीदार बनें। कार्यक्रम में प्रवेश निःशुल्क पास के माध्यम से होगा।
इस आयोजन को सफल बनाने में आयोजक समिति के सदस्य के. निशान, ज्ञान चांद जायसवाल, अरुण सिंह, सुकन्या दास, दिलजॉय बोस, अरुण बकरेवाल, इंद्रजीत सिंह, शिमरन भटिआ, अविनाश, सुबहनहु, आशा, सत्यजीत, संदीप, अजित राज और पूरी टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है।




