Jamshedpur (Jharkhand ) : रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) द्वारा चलाया जा रहा ‘ऑपरेशन यात्री सुरक्षा’ टाटा नगर रेलवे स्टेशन पर फेल हो गया है। स्टेशन पर मोबाइल चोर सक्रिय (Tatanagar Rail News) हैं। आए दिन मुसाफिरों का मोबाइल चोरी हो रहा है। हालांकि, कभी कभार किसी चोर को पकड़ कर टाटानगर जीआरपी और आरपीएफ अपनी पीठ थपथपा लेती है।
आरपीएफ और जीआरपी की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए एक शातिर मोबाइल चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से चोरी किया गया मोबाइल फोन भी बरामद (Tatanagar Rail News) कर लिया गया है।
आरपीएफ के अनुसार, चक्रधरपुर मंडल के मंडल सुरक्षा आयुक्त (आरपीएफ) और रेल पुलिस अधीक्षक, जमशेदपुर के निर्देश पर रेलवे परिसर में लगातार विशेष निगरानी और गश्ती अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में संयुक्त टीम ने स्टेशन परिसर में संदिग्ध गतिविधियों के आधार पर एक युवक को पकड़ा।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान बागबेड़ा थाना क्षेत्र के गांधीनगर निवासी 33 वर्षीय देवेंद्र सिंह उर्फ गांधी के रूप में हुई है। पूछताछ में सामने आया कि उसने मंगलवार देर रात टाटानगर रेलवे स्टेशन पर एक यात्री का मोबाइल फोन चोरी किया था। तलाशी के दौरान उसके पास से चोरी गया मोबाइल बरामद हुआ, जिसकी पहचान पीड़ित यात्री ने कर ली। इसके बाद आरोपी को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए जीआरपी थाना टाटानगर के हवाले कर दिया गया।
यह कार्रवाई पोस्ट कमांडर आरपीएफ टाटानगर और जीआरपी थाना प्रभारी की निगरानी में की गई। अभियान का नेतृत्व आरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) बलबीर प्रसाद ने किया। आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की।
जांच में यह भी सामने आया कि देवेंद्र सिंह उर्फ गांधी का आपराधिक इतिहास पहले से रहा है। वह रेल थाना टाटानगर और बागबेड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज चोरी और लूट के कई मामलों में पूर्व में जेल जा चुका है। इसके बावजूद वह लगातार रेलवे स्टेशन और यात्रियों को निशाना बना रहा था।
रेलवे सुरक्षा एजेंसियां अब आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी हैं कि हाल के दिनों में स्टेशन और ट्रेनों में हुई अन्य मोबाइल चोरी की घटनाओं में उसकी संलिप्तता रही है या नहीं। साथ ही उसके संभावित साथियों और किसी गिरोह से जुड़े होने के पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
आरपीएफ अधिकारियों ने बताया कि ऑपरेशन यात्री सुरक्षा के तहत रेलवे स्टेशनों, प्लेटफॉर्मों और ट्रेनों में लगातार गश्त, निगरानी और संदिग्ध व्यक्तियों की जांच की जा रही है, ताकि यात्रियों को सुरक्षित माहौल उपलब्ध कराया जा सके और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया जा सके।
रेलवे सुरक्षा बल ने यात्रियों से भी अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने मोबाइल, बैग और अन्य कीमती सामान का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल आरपीएफ हेल्पलाइन 139 या नजदीकी आरपीएफ एवं जीआरपी कर्मियों को दें।
इसे भी पढ़ें – डिमना लेक हादसा: एमजीएम के दो जूनियर डॉक्टरों की मौत, अब उठ रहे हैं कई सवाल
आरपीएफ और जीआरपी की इस संयुक्त कार्रवाई को यात्रियों की सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि रेलवे परिसर में अपराध करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त अभियान जारी रहेगा।




