Jamshedpur (Jharkhand): मानगो नगर निगम चुनाव (Mango Nagar Nigam Election) को लेकर सियासी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। बुधवार को उस वक्त माहौल गरमा गया जब मेयर पद की दावेदार जेबा कादरी की प्रेस कांफ्रेंस के बाहर विरोधियों ने जमकर हंगामा और नारेबाजी की।
जेबा कादरी ने मानगो के अलीशा गार्डेन में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस ( Mango Nagar Nigam Election) में दावा किया कि उन्हें एआईएमआईएम का आधिकारिक समर्थन मिल चुका है। इस दौरान उन्होंने झामुमो (JMM) पर धोखा देने का आरोप भी लगाया। उनका कहना था कि पहले पार्टी की ओर से समर्थन का आश्वासन दिया गया था, लेकिन बाद में नेताओं ने अपने कदम पीछे खींच लिए।
प्रेस कांफ्रेंस के दौरान बाहर कुछ लोग कांग्रेस से छह साल के लिए निलंबित जेबा खान के समर्थन में नारेबाजी कर रहे थे। मौके पर मौजूद लोगों के बीच तीखी बहस भी हुई। एआईएमआईएम के कुछ नेता बाहर आकर प्रदर्शन कर रहे लोगों को शांत कराने पहुंचे, लेकिन प्रदर्शनकारी अपनी बात पर अड़े रहे। उनका कहना था कि वे बेहतर उम्मीदवार के समर्थन में आवाज उठाने आए हैं।
एआईएमआईएम नेताओं ने उनसे प्रेस कांफ्रेंस में व्यवधान न डालने की अपील की और कहीं और प्रचार करने को कहा, लेकिन नारेबाजी जारी रही।
इसी बीच प्रेस कांफ्रेंस में मौजूद एआईएमआईएम के प्रदेश अध्यक्ष मोहम्मद शाकिर ने आधिकारिक रूप से जेबा कादरी को मानगो मेयर पद के लिए समर्थन देने की घोषणा की। हालांकि इस फैसले के बाद पार्टी के अंदर भी मतभेद खुलकर सामने आ गए। प्रदेश महासचिव बाबर खान और कोल्हान प्रभारी सालिक जावेद के बीच चर्चा के बाद बाबर खान ने बाहर आकर अपने इस्तीफे का एलान कर दिया।
इसे भी पढ़ें – नगर निगम चुनाव को लेकर AIMIM में बगावत, प्रदेश महासचिव और जिलाध्यक्ष ने दिया इस्तीफा, जेबा खान को देना चाहते थे समर्थन
मानगो नगर निगम चुनाव अब सिर्फ स्थानीय मुद्दों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि यह विभिन्न दलों के भीतर और बाहर राजनीतिक खींचतान का केंद्र बन गया है। आने वाले दिनों में यह सियासी घमासान और तेज होने के आसार हैं।




