Jamshedpur : बॉलीवुड की धक-धक गर्ल माधुरी दीक्षित ने अपने हालिया पोडकास्ट इंटरव्यू में जमशेदपुर के चर्चित समाजसेवी और उनके प्रशंसक पप्पू सरदार (Jamshedpur Madhuri Fan) की खुले मंच पर सराहना कर पूरे शहर को गर्व महसूस कराया है।
इंटरव्यू के दौरान माधुरी दीक्षित (Jamshedpur Madhuri Fan) ने कहा कि पप्पू सरदार पिछले कई वर्षों से उनके जन्मदिन को अनोखे और सामाजिक अंदाज़ में मनाते हैं। उन्होंने मानव सेवा को अपना धर्म माना है और हमेशा जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे रहते हैं। अभिनेत्री ने भावुक अंदाज़ में कहा— “पप्पू जो भी नेक कार्य करते हैं, उसका पुण्य मुझे भी मिलता है, शायद यही वजह है कि जीवन में मुझे कभी पीछे मुड़कर नहीं देखना पड़ा।”
इसे भी पढ़ें – बिस्टुपुर में जेएमए स्टोर्स से 12.47 लाख की चोरी का पर्दाफाश, 20 साल पुराने कर्मचारी ने ही उड़ाया था पैसा+VDO
माधुरी दीक्षित की इस टिप्पणी को सुनकर पप्पू सरदार भावुक हो उठे। उन्होंने कहा कि वे पिछले 29 वर्षों से मानव सेवा को माधुरी दीक्षित का आशीर्वाद मानकर कर रहे हैं और आगे भी इसी तरह समाज की सेवा जारी रखेंगे।
उन्होंने कहा— ”माधुरी दीक्षित के नाम पर सेवा करना मेरे लिए गर्व की बात है। इतने दूर बैठकर भी उन्होंने मेरी सराहना की, यही मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान है।”
जमशेदपुर में पप्पू सरदार गरीबों, दिव्यांगों और जरूरतमंदों की सहायता सहित कई सामाजिक पहलों के लिए जाने जाते हैं। अभिनेत्री द्वारा की गई प्रशंसा के बाद शहर में उनके समर्थकों और प्रशंसकों में खुशी का माहौल है।




