Jamshedpur (Jharkhand) : सिमडेगा जिले के कोलेबिरा थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसे में जमशेदपुर के आजादनगर थाना क्षेत्र स्थित गरीब कॉलोनी निवासी करीब 45 वर्षीय (Kolebira Road Accident) मोहम्मद मुस्तफा उर्फ फेकू की मौत हो गई। मुस्तफा पेशे से चेचिस चालक थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया, जबकि गरीब कॉलोनी और आसपास के इलाके में भी शोक की लहर दौड़ गई।
जानकारी के अनुसार, मोहम्मद मुस्तफा महाराष्ट्र के पुणे से चेचिस वाहन लेकर पश्चिम बंगाल के खड़गपुर जा रहे थे। इसी दौरान कोलेबिरा थाना क्षेत्र में उनका वाहन अचानक सड़क से नीचे उतरकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे में मुस्तफा की मौके पर ही मौत हो गई।
दुर्घटना के कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि (Kolebira Road Accident) वाहन चलाने के दौरान उनकी तबीयत अचानक बिगड़ी हो या नींद आने के कारण वाहन अनियंत्रित हुआ हो। हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस दुर्घटना की परिस्थितियों की जांच कर रही है। इधर, हादसे की जानकारी जमशेदपुर स्थित परिजनों को मिलते ही घर में कोहराम मच गया। मुस्तफा शादीशुदा थे और उनके बच्चे भी हैं। अचानक हुई मौत से परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इसे भी पढ़ें :Jamshedpur Birsanagar Murder : मजदूरी के पैसों को लेकर विवाद में विशाल की हत्या, शव स्वर्णरेखा नदी में फेंका; दो गिरफ्तार
मुस्तफा की मौत की खबर मिलने के बाद चालक संघ के सदस्यों ने भी शोक जताया। सदस्यों ने कहा कि लंबे समय से वाहन चलाकर परिवार का भरण-पोषण करने वाले साथी की अचानक मौत बेहद दुखद है। फिलहाल पुलिस की जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।




