Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर के सीतारामडेरा थाना क्षेत्र अंतर्गत भालूबासा रोड नंबर-9 स्थित एक बंद मकान ( Jamshedpur Theft)को चोरों ने निशाना बनाते हुए लाखों रुपये की चोरी की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल ( Jamshedpur Theft) है।
गौरतलब है कि पीके पटनायक का घर पिछले कुछ दिनों से बंद था। इसी का फायदा उठाकर अज्ञात चोर देर रात घर का ताला तोड़कर भीतर घुसे और घर में रखे कीमती सामान तथा नकदी लेकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि चोरी में 10 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति पर हाथ साफ किया गया है।
घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसियों की नजर घर के टूटे ताले पर पड़ी। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को भी घटनास्थल पर बुलाया गया। टीम ने घर के अंदर से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए हैं, जिनके आधार पर आगे की जांच की जा रही है।
पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि चोरों को पहले से जानकारी थी कि मकान कई दिनों से बंद पड़ा है।
इसे भी पढ़ें – चापाकल खराब होने से पूर्वी सिंहभूम की जेलों में गहराया जल संकट, बिलबिला रहे कैदी
इधर, लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं से स्थानीय लोगों में नाराजगी है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से क्षेत्र में रात्रि गश्ती बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। वहीं, पुलिस ने जल्द मामले के खुलासे का भरोसा दिलाया है।




