Palamu (Jharkhand) : पलामू जिले की मेदिनीनगर शहर थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान के तीसरे गुर्गे (Jharkhand Gangster Prince Khan ) को हथियार के साथ गिरफ्तार कर पुलिस ने एक बड़ी आपराधिक साजिश को नाकाम कर दिया। आरोपी को कुवैत से निर्देश मिला था कि वह शहर के पंचमुहान स्थित गोल्ड हाउस के मालिक रंजीत सोनी पर फायरिंग कर इलाके में दहशत फैलाए, लेकिन वारदात से पहले ही पुलिस ने उसे दबोच लिया।
पुलिस के मुताबिक, 01 जनवरी की देर रात कोयल नदी किनारे ओवरब्रिज के नीचे एंटी-क्राइम चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एक युवक अपाची मोटरसाइकिल से गिरिवर स्कूल की ओर से आता दिखा। पुलिस को देखकर वह भागने लगा, लेकिन सशस्त्र बलों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया।
गिरफ्तार युवक की पहचान शाहरुख अली, पिता जाफर अली उर्फ तुफानी, निवासी हुसैन नगर पहाड़ी मुहल्ला, थाना शहर के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देशी कट्टा, दो जिंदा कारतूस, एक मोबाइल फोन और अपाची मोटरसाइकिल (JH14D 6668) बरामद की गई।
पुलिस अधीक्षक रिष्मा रमेशन ने शुक्रवार को बताया कि पूछताछ में खुलासा हुआ है कि शाहरुख अपने भांजे आतिफ खान के माध्यम से कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान (Jharkhand Gangster Prince Khan) के संपर्क में था। आतिफ खान, जो मेदिनीनगर के गौसिया मदरसा, पहाड़ी मुहल्ला का निवासी है, वर्तमान में कुवैत में रह रहा है और वहीं से फायरिंग के निर्देश दिए गए थे। इस काम के बदले शाहरुख को 30 हजार रुपये देने की बात तय हुई थी।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
इसे भी पढ़ें – धालभूम के नए एसडीओ बने अर्नव मिश्रा, जमशेदपुर से अतिक्रमण हटाने की होगी चुनौती
गौरतलब है कि इससे पहले भी स्वर्ण व्यवसायी रंजीत सोनी से रंगदारी मांगने और फायरिंग की घटना में प्रिंस खान के दो गुर्गों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। उन्हीं गिरफ्तारियों के बाद प्रिंस खान ने एक बार फिर शाहरुख को आगे कर नई वारदात की साजिश रची थी, जिसे पुलिस ने समय रहते विफल कर दिया।




