मुंशी मोहल्ला में सनसनीखेज वारदात के बाद TMH में हंगामा, प्रेम प्रसंग से लेकर पुरानी रंजिश तक हर एंगल की जांच
Jamshedpur (Jharkhand) : पूर्वी सिंहभूम जिले के मानगो थाना क्षेत्र में प्रेम प्रसंग को लेकर हुए चर्चित राहुल बच्चा हत्याकांड में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। बुधवार देर रात इस मामले के नामजद आरोपियों ने पुलिस के समक्ष सरेंडर (Jamshedpur Rahul Murder) कर दिया। पुलिस सभी आरोपियों से लगातार पूछताछ कर रही है और घटना से जुड़े हर पहलू की जांच में जुटी है। सरेंडर करने वालों में सौरभ दत्ता भी शामिल है, जिसने पूछताछ के दौरान मृतक राहुल बच्चा पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस इन दावों की भी स्वतंत्र रूप से जांच (Jamshedpur Rahul Murder) कर रही है।
बुधवार शाम करीब सात बजे मानगो के डिमना रोड स्थित मुंशी मोहल्ला के पास अपराधियों ने राहुल बच्चा को सरेआम गोली मार दी। आरोप है कि गोली मारने के बाद हमलावरों ने उस पर पत्थरों और डंडों से भी हमला किया। वारदात के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। गंभीर रूप से घायल राहुल को तत्काल टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

चश्मा पहने राहुल बच्चा
राहुल की मौत की खबर फैलते ही मानगो गुरुद्वारा बस्ती समेत आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में उसके परिजन और समर्थक टीएमएच पहुंच गए। अस्पताल परिसर में काफी देर तक हंगामा होता रहा। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल तैनात करना पड़ा। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाने की कार्रवाई शुरू कर दी।
मृतक के साथी राजेश दुबे ने दावा किया कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग मुख्य वजह है। उसके अनुसार राहुल बच्चा और शंकोसाई रोड नंबर-5 निवासी साहब सिंह सब्बे एक ही युवती से प्रेम करते थे। युवती मानगो की टीचर्स कॉलोनी की रहने वाली बताई जा रही है। राजेश का आरोप है कि साहब सिंह सब्बे लगातार राहुल को युवती से दूर रहने की चेतावनी देता था और इसी रंजिश में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया।
राजेश के मुताबिक, बुधवार शाम राहुल मुंशी मोहल्ला के पास खड़ा था, तभी साहब सिंह सब्बे अपने कई साथियों के साथ वहां पहुंचा और राहुल पर गोली चला दी। आरोप है कि गोली लगने के बाद भी हमलावरों ने डंडों और पत्थरों से हमला जारी रखा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वारदात में करीब 20 लोगों की संलिप्तता की बात सामने आ रही है। पुलिस इस दावे की भी जांच कर रही है।
इधर, पुलिस के समक्ष सरेंडर करने वाले सौरभ दत्ता ने पूछताछ में अलग ही कहानी सामने रखी है। उसका दावा है कि राहुल बच्चा इलाके का “डॉन” बनना चाहता था और वह पहले भी उस पर जानलेवा हमला करने की कोशिश कर चुका था। सौरभ ने यह भी आरोप लगाया कि राहुल ने उसके स्कूल जाने वाले बच्चे के अपहरण की धमकी दी थी। हालांकि पुलिस ने स्पष्ट किया है कि इन आरोपों की सत्यता की जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद ही किसी निष्कर्ष पर पहुंचा जाएगा।
घटना के बाद उस युवती के अस्पताल पहुंचने की भी चर्चा रही, जिसे पूरे विवाद का केंद्र बताया जा रहा है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टीएमएच में मौजूद राहुल के दोस्तों ने युवती को फटकार लगाते हुए वहां से वापस भेज दिया। यह घटनाक्रम अस्पताल परिसर में मौजूद लोगों के बीच चर्चा का विषय बना रहा।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर पुलिस की दो बड़ी कार्रवाई: 39 लाख की नकली सिगरेट जब्त, चेन स्नैचिंग का आरोपी 24 घंटे में गिरफ्तार+VDO
पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी है। सरेंडर करने वाले आरोपियों से पूछताछ के साथ-साथ घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे प्रेम प्रसंग, पुरानी रंजिश, आपराधिक विवाद या अन्य किसी कारण की भी गहराई से जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि उपलब्ध साक्ष्यों, तकनीकी जांच और पूछताछ के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।




