जमशेदपुर (झारखंड): चाकुलिया थाना क्षेत्र के मिस्त्रीपाड़ा में सोमवार रात ज्वेलरी व्यवसायी अरुण नंदी उर्फ खोकन से लूटे गए सोने के जेवरात और नकद की घटना (chakulia loot case) का पुलिस ने महज कुछ ही घंटों में खुलासा कर दिया है। इस लूटकांड में शामिल दो आरोपियों को पश्चिम बंगाल के जामबनी थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया है। इनकी पहचान जमशेदपुर निवासी निरंजन गौड़ और बिहार के औरंगाबाद जिले के रफीगंज थाना क्षेत्र निवासी रफीक के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके पास से करीब डेढ़ किलो सोने के जेवरात बरामद किए हैं, जिसकी कीमत करीब दो करोड़ रुपये आंकी जा रही है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस लूटकांड में कुल तीन आरोपी शामिल थे। घटना के बाद चाकुलिया थाना प्रभारी संतोष कुमार ने तत्परता दिखाते हुए पश्चिम बंगाल की जामबनी पुलिस से समन्वय स्थापित किया। इसके बाद जामबनी थाना क्षेत्र के धोंडसा चेकपोस्ट और पोडिहाटी चेकपोस्ट को अलर्ट कर दिया गया। इसी क्रम में धोंडसा चेकपोस्ट के पास पुलिस ने दो अपराधियों को धर दबोचा, जबकि तीसरा आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
इसे भी पढ़ें – Jamshedpur Muharram: साकची में हुसैनी मिशन के इमामबाड़े में हुई मजलिस, इमाम हुसैन की कर्बला आमद की दास्तान हुई बयां
घटना की पुष्टि करते हुए चाकुलिया पुलिस ने बताया कि अरुण नंदी रोज की तरह अपनी दुकान से झोले में डेढ़ किलो सोना और पचास हजार रुपये लेकर स्कूटी से अपने घर लौट रहे थे। तभी घर के पास पहले से घात लगाए तीन युवकों ने चाकू और पिस्तौल के बल पर झोला लूट लिया और बेंद मार्ग होते हुए पश्चिम बंगाल की ओर भाग निकले।
अरुण नंदी द्वारा किए गए शोरगुल के बाद स्थानीय लोग बाहर निकले लेकिन तब तक लुटेरे भाग चुके थे। इसके तुरंत बाद पुलिस ने मामले के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली और कार्रवाई शुरू कर दी। देर रात गिरफ्तार दोनों अपराधियों को जामबनी पुलिस ने जेवरात के साथ चाकुलिया पुलिस को सौंप दिया है। हालांकि अब तक नकद 50 हजार रुपये की बरामदगी नहीं हो सकी है और तीसरे आरोपी की तलाश जारी है। chakulia loot case में इस बड़ी सफलता से पुलिस की कार्यशैली की सराहना हो रही है, वहीं स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली है।




