Jamshedpur (Jharkhand) : टाटा स्टील फाउंडेशन की यूनिफॉर्म सर्विसेज कोचिंग पहल कोयलांचल के युवाओं के लिए देश सेवा का सपना पूरा करने का माध्यम बन रही है। जमाडोबा और सिजुआ में नवंबर 2022 से संचालित इस कार्यक्रम के (Tata Steel Foundation Uniform Services Coaching) जरिए युवाओं को सेना, पुलिस, अर्धसैनिक बलों और अन्य वर्दीधारी सेवाओं में भर्ती की तैयारी कराई जा रही है।
क्षेत्र के युवाओं को बेहतर कोचिंग, शारीरिक प्रशिक्षण और करियर मार्गदर्शन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू किए गए इस कार्यक्रम में अब तक (Tata Steel Foundation Uniform Services Coaching) कुल 93 अभ्यर्थियों ने नामांकन कराया है। इनमें से 17 उम्मीदवार विभिन्न सरकारी सेवाओं में चयनित होकर नौकरी हासिल कर चुके हैं। सफल उम्मीदवारों में 12 पुरुष और पांच महिलाएं शामिल हैं।
छह महीने का इंटेंसिव प्रशिक्षण
प्रारंभ में एक वर्षीय कार्यक्रम के रूप में शुरू हुई इस पहल को वर्तमान वित्तीय वर्ष से छह महीने के इंटेंसिव कोचिंग मॉडल में बदला गया है। इसमें लिखित परीक्षा की तैयारी, शारीरिक फिटनेस, मॉक टेस्ट, करियर काउंसलिंग और नियमित मेंटरशिप दी जाती है। प्रशिक्षण समाप्त होने के बाद भी अभ्यर्थियों को भर्ती अवसरों के अनुसार मार्गदर्शन मिलता रहता है।
प्रशिक्षण में गणित, रीजनिंग, हिंदी-अंग्रेजी, सामान्य विज्ञान, राजनीति और डिफेंस अवेयरनेस जैसे विषय शामिल हैं। प्रत्येक केंद्र पर तीन प्रशिक्षक नियुक्त हैं। सोमवार से शुक्रवार तक सुबह शारीरिक प्रशिक्षण और दोपहर में कक्षाएं आयोजित होती हैं।
CISF, ITBP और BSF में मिली सफलता
कार्यक्रम से जुड़े अभ्यर्थियों का चयन CISF, ITBP, BSF, SSC GD, अग्निवीर और बिहार पुलिस जैसी सेवाओं में हुआ है। इसके अलावा 21 उम्मीदवार होमगार्ड भर्ती परीक्षा में सफल होकर मेडिकल जांच पूरी कर चुके हैं और अंतिम मेरिट सूची की प्रतीक्षा कर रहे हैं। इनमें छह महिलाएं शामिल हैं।
आईटीबीपी में चयनित आनंद कुमार ने बताया कि कोचिंग से उन्हें अनुशासन, मार्गदर्शन और आत्मविश्वास मिला। वहीं, प्रशिक्षणरत आशा महतो ने कहा कि यह पहल उन्हें सेना में जाने के अपने सपने के करीब पहुंचने के लिए प्रेरित कर रही है।
इसे भी पढ़ें :RRR Centre Jamshedpur: बिष्टुपुर में टाटा स्टील यूआईएसएल ने खोला आरआरआर सेंटर, पुरानी वस्तुओं को मिलेगा नया जीवन
कार्यक्रम की सफलता के बाद इसे वेस्ट बोकारो में भी शुरू किया गया है। भविष्य में अन्य क्षेत्रों तक विस्तार की योजना है।




