Jamshedpur (Jharkhand) : टेल्को थाना क्षेत्र के एल-4 रोड नंबर 11 में चोरों ने एक बंद मकान को निशाना बनाते हुए नकदी, सोने-चांदी के आभूषण समेत लाखों रुपये का सामान चोरी कर लिया। घटना का खुलासा शनिवार सुबह हुआ, जब परिवार के सदस्य मकान खोलने पहुंचे। आशंका जताई जा रही है कि चोरी रक्षाबंधन की रात की गई।
पुलिस के अनुसार, मकान कांग्रेस नेता अरविंद साहू के परिजन का है। उनके भाई इलाज के लिए वेल्लोर गए हुए हैं, जिसके कारण मकान पिछले कुछ समय से बंद था। शनिवार सुबह अरविंद साहू मकान पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर घर का सामान बिखरा पड़ा था।
जांच के दौरान दो अलमारियों के लॉक भी टूटे मिले। अलमारियों में रखे करीब 30 हजार रुपये नकद, सोने-चांदी के आभूषण और अन्य कीमती सामान गायब थे। परिवार के सदस्य चोरी हुए सामानों की सूची तैयार कर रहे हैं। इसके बाद चोरी गए सामान की कुल कीमत का आकलन किया जाएगा।
अरविंद साहू ने बताया कि घटना के समय मकान में परिवार का कोई सदस्य मौजूद नहीं था। उनका भाई इलाज के लिए वेल्लोर गया हुआ है। उन्होंने आशंका जताई कि चोरों को मकान के लंबे समय से बंद होने की जानकारी थी और इसी का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया गया।
CCTV फुटेज में संदिग्ध कैद
घटना की सूचना मिलने के बाद टेल्को थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति के कैमरे में कैद होने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान करने में जुटी है। आसपास लगे अन्य कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्ध के आने-जाने के रास्ते और उसके साथ शामिल अन्य लोगों के बारे में सुराग मिल सके।
पुलिस का कहना है कि CCTV फुटेज और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। संदिग्धों की पहचान होने के बाद उनकी गिरफ्तारी का प्रयास किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें – निखार सबलोक हत्याकांड: पूछताछ के दौरान अशोक सिंह राघव की बिगड़ी तबीयत, टीएमएच में भर्ती
बंद मकानों की सुरक्षा को लेकर बढ़ी चिंता
टेल्को में बंद मकान में चोरी की घटना के बाद आसपास के लोगों में भी चिंता बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ लंबे समय तक बंद रहने वाले मकानों की सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत बताई है।




