Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर के बर्मामाइंस थाना क्षेत्र में गोलीबारी और हमले में गंभीर रूप से घायल मुस्लिम बस्ती निवासी मोहम्मद आफताब की मंगलवार को कोलकाता के एक अस्पताल में इलाज के दौरान मौत (Burmamines Aftab Murder) हो गई। गोली लगने के बाद उनकी हालत गंभीर होने पर उन्हें बेहतर इलाज के लिए पहले टीएमएच और फिर कोलकाता रेफर किया गया था, जहां उपचार के दौरान उन्होंने दम (Burmamines Aftab Murder) तोड़ दिया।
आफताब की मौत के बाद पहले दर्ज हत्या के प्रयास का मामला अब हत्या की धाराओं में परिवर्तित कर दिया गया है। इस मामले में 11 लोगों को नामजद किया गया है, जबकि कुछ अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
Burmamines Aftab Murder: थाने का किया गया घेराव
मौत की खबर मिलते ही परिजनों में मातम छा गया और इलाके में तनाव का माहौल बन गया। बड़ी संख्या में स्थानीय लोग बर्मामाइंस थाना पहुंचे और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र में नशे का कारोबार और आपराधिक गतिविधियां लगातार बढ़ रही हैं, जिस पर प्रभावी कार्रवाई की आवश्यकता है।
पुलिस ने लिया दो दिन का वक्त
स्थिति को देखते हुए थाना परिसर में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से बातचीत कर उन्हें आश्वस्त किया कि मामले में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में QR कोड आधारित डिजिटल बीट पुलिसिंग की शुरुआत, अब हर गश्त पर रहेगी ऑनलाइन नजर
गौरतलब है कि रविवार रात बर्मामाइंस में अपराधियों ने मोहम्मद आफताब पर गोली चला दी थी। गंभीर हालत में उन्हें पहले टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) में भर्ती कराया गया, जहां से बेहतर इलाज के लिए कोलकाता रेफर किया गया था। इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।




