Jamshedpur (Jharkhand) : जमशेदपुर के उलीडीह ओपी क्षेत्र में हुए चर्चित विकास सिंह हत्याकांड (Ulidih Murder)का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। मामले में पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और अन्य महत्वपूर्ण साक्ष्य बरामद किए हैं। जांच में यह बात सामने आई है कि हत्या ( Ulidih Murder) पुरानी रंजिश और बदले की भावना के कारण की गई थी।
गौरतलब है कि 31 मई को उलीडीह बस्ती स्थित मुर्दा मैदान जाने वाले रास्ते के किनारे झाड़ियों से एक युवक का शव बरामद हुआ था। मृतक की 25 वर्षीय विकास सिंह उर्फ विकास राव था। वह न्यू उलीडीह के आदिवासी क्लब के पास का रहने वाला था। घटना के बाद मृतक के भाई विक्की सिंह उर्फ अप्पा राव की लिखित शिकायत पर उलीडीह ओपी में हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी सिंहभूम के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन में पुलिस उपाधीक्षक पटमदा दयानंद कुमार के नेतृत्व में एक विशेष छापामारी टीम का गठन किया गया। टीम ने तकनीकी और मानवीय साक्ष्यों के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज कुंटिया उर्फ साधु कुंटिया (24 वर्ष) और राजू कुम्भकार (31 वर्ष) के रूप में हुई है। पुलिस पूछताछ में दोनों ने हत्या में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। आरोपियों ने बताया कि करीब एक वर्ष पहले सौरभ शर्मा उर्फ पवन शर्मा की हत्या हुई थी, जिसमें मृतक के भाई विक्की सिंह उर्फ अप्पा राव और उसके साथियों का नाम सामने आया था। उसी घटना का बदला लेने के लिए राजू कुंभकार ने विकास सिंह को नशा करने के बहाने एक खंडहरनुमा झोपड़ी में बुलाया और लोहे के पाइप व धारदार चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी।
हत्या के बाद आरोपियों ने शव को मच्छरदानी में लपेटकर देर रात सुनसान झाड़ियों में फेंक दिया, ताकि घटना को दुर्घटना या अन्य किसी कारण से हुई मौत का रूप दिया जा सके। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे का पाइप, हैक्सा ब्लेड से तैयार धारदार चाकू, मच्छरदानी तथा खून लगी मिट्टी बरामद कर ली है।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी सूरज कुंटिया के खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एनडीपीएस एक्ट समेत कई संगीन मामले पहले से दर्ज हैं। वहीं राजू कुम्भकार का भी आपराधिक इतिहास रहा है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
इसे भी पढ़ें – मोहर्रम को लेकर धातकीडीह में हुई हुसैनी मिशन की मीटिंग मजलिस, संपन्न कराने को हुआ मंथन
इस त्वरित कार्रवाई के साथ जमशेदपुर पुलिस ने एक चर्चित हत्याकांड का सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है, जिससे पूरे क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है।




