बड़े बेटे को देखते ही थाने में रो पड़ा आरोपी पिता, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुए कई चौंकाने वाले खुलासे
Jamshedpur (Jharkhand) : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के एग्रिको में हुए सनसनीखेज तिहरे हत्याकांड (Jamshedpur Tripple Murder) की गुत्थी अब तक पूरी तरह नहीं सुलझ सकी है। पुलिस लगातार अलग-अलग पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। शुरुआती जांच में अब रिटायरमेंट के बाद मिली मोटी रकम को भी विवाद की एक बड़ी वजह माना जा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि पैसे के बंटवारे और परिवार के भीतर आर्थिक खींचतान ने घर का माहौल तनावपूर्ण बना दिया था।
सूत्रों के अनुसार, यह विवाद (Jamshedpur Tripple Murder) इस बात को लेकर भी हो सकता है कि रिटायरमेंट की राशि का कितना हिस्सा माता-पिता अपने पास रखें और बच्चों के बीच उसका बंटवारा कैसे हो। पुलिस अब इस आर्थिक विवाद वाले एंगल को भी गंभीरता से खंगाल रही है।
आरोपी पिता के खिलाफ दर्ज हुआ केस
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी रविंद्र प्रसाद सिंह को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया था। मंगलवार को उसके खिलाफ औपचारिक रूप से मामला दर्ज कर लिया गया। इसी दौरान रायपुर से पहुंचे बड़े बेटे अभिषेक और दिल्ली से आई बेटी प्रिया जब सिदगोड़ा थाना पहुंचे, तो आरोपी पिता अपने बच्चों को देखते ही भावुक हो गया और फूट-फूट कर रोने लगा।
बताया जा रहा है कि आरोपी ने बेटे से कहा कि वह लंबे समय से डिप्रेशन में था और अचानक आपा खो बैठा, जिसके बाद यह भयावह घटना हो गई। पुलिस अब आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी कर रही है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सामने आए खौफनाक तथ्य
मंगलवार सुबह तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। रिपोर्ट में हत्या के तरीके को लेकर कई अहम खुलासे हुए हैं। मृतका सरिता सिंह के शरीर पर तीन गंभीर चोटें मिलीं। इनमें दो वार टांगी से और एक हथौड़े से किया गया था। पहला वार सिर के बाएं हिस्से पर किया गया, जिसे जानलेवा बताया जा रहा है। दूसरा वार कलाई पर मिला, जबकि तीसरा वार बाएं गाल पर हथौड़े से किया गया था।
बेटे रवि सिंह पर भी टांगी और हथौड़े से हमला किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, सिर पर टांगी से किया गया पहला वार ही उसकी मौत की वजह बना। वार के दौरान टांगी टूट गई, जिसके बाद आरोपी ने हथौड़े से हमला किया। वहीं बेटी सुप्रिया सिंह के सिर पर हथौड़े से वार किया गया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में इसी चोट को मौत का कारण बताया गया है।
अंतिम संस्कार के दौरान भाई-बहन में विवाद
पोस्टमार्टम के बाद तीनों शवों का अंतिम संस्कार भुइयांडीह बर्निंग घाट पर किया गया। इस दौरान परिवार के भीतर तनाव खुलकर सामने आ गया। आरोपी की बेटी ने अपने भाई पर पिता के खिलाफ केस दर्ज कराने को लेकर नाराजगी जताई। दोनों के बीच कहासुनी बढ़ गई, हालांकि मौके पर मौजूद लोगों ने हस्तक्षेप कर मामला शांत करा दिया।
इसे भी पढ़ें – जमशेदपुर में गैर-सक्रिय सदस्य को बनाया बागबेड़ा मंडल अध्यक्ष, भाजपा में गरमाई सियासत
बुधवार को जेल भेजा जाएगा आरोपी
पुलिस ने आरोपी रविंद्र प्रसाद सिंह के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है और बुधवार को उसे जेल भेजा जाएगा। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक पहुंचने के लिए पारिवारिक और आर्थिक दोनों पहलुओं की जांच कर रही है।




